सूरत गए जलगांव के परिवार को कार रोककर नहर में फेंका; 3 की मौत, 2 लापता; इकलौते बचे 13 साल के मासूम ने खोला राज

Jalgaon Family Surat Canal Murder: रोजगार के लिए सूरत निकले महाराष्ट्र के जलगांव निवासी मजदूर परिवार को चार बदमाशों ने रोककर गहरी नहर में फेंक दिया। 3 शव बरामद हुए, जबकि 13 वर्षीय बेटा बच निकला।
jalgaon laborer family thrown into surat canal
जलगांव के परिवार को सूरत में नहर में फेंकाप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • जलगांव से काम की तलाश में सूरत जा रहा था पाटील परिवार

  • सूरत में गाड़ी रोककर चार आरोपियों ने सभी को गहरी नहर में फेंका

  • तीन लोगों के शव बरामद, दो बच्चे अभी भी लापता

  • 13 साल के बेटे की हिम्मत से खुला राज

Maharashtra laborer Family Attacked in Gujarat: रोजगार की तलाश में निकले जलगांव के एक मजदूर परिवार का रास्ता रोककर चार लोगों ने कथित तौर पर पूरे परिवार को गहरी नहर में फेंक दिया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे अब भी लापता हैं। परिवार का 13 वर्षीय बेटा नहर में लगे एक पाइप को पकड़कर किसी तरह बच गया। उसकी आपबीती से कथित सामूहिक हत्याकांड का खुलासा हुआ।

घटना गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तहसील में उवा गांव के पास की है। इस मामले में सूरत ग्रामीण पुलिस ने 8 अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।

काम की तलाश में जलगांव से सूरत के लिए निकला था परिवार

सूरत पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जलगांव में रहने वाला नितीन उर्फ भुरिया पाटील अपने परिवार के साथ 21 नवंबर को काम की तलाश में सूरत के लिए निकला था। नितीन एरंडोल पुलिस थाना क्षेत्र के एक कारखाने में मजदूरी करता था।

रास्ते में उवा गांव के पास नहर के नजदीक दूसरी कार से आए चार लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि इन लोगों ने परिवार के सदस्यों को जबरन वाहन से उतारा और एक-एक कर गहरे पानी में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

jalgaon laborer family thrown into surat canal
जलगांव के नेरी नाका श्मशान में चिता स्थल पर अघोरी पूजा, मिली शराब और अंडे; CCTV में कैद हुई संदिग्ध की करतूत

पाइप पकड़कर बचा 13 वर्षीय बेटा

पानी में गिरने के बाद 13 वर्षीय बेटे ने नहर में लगे पाइप को पकड़ लिया। इसी वजह से वह पानी के तेज बहाव में बहने से बच गया। कुछ देर बाद वह किसी तरह बाहर निकला और पास के एक होटल पहुंचा। वहां उसने लोगों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और अग्निशमन दल ने नहर में तलाश शुरू की।

तीन शव मिले, दो बच्चों की तलाश जारी

तलाशी अभियान के दौरान महुवा तहसील के डुंगरी इलाके में नहर से तीन शव बरामद हुए। इनमें नितीन उर्फ भुरिया पाटील, कविता पाटील और एक युवती शामिल है। परिजनों ने शवों की पहचान की है। वहीं, प्रथमेश पाटील और हरीश संजय पाटील नाम के दो बच्चे अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में पुलिस और अग्निशमन दल का अभियान जारी है।

jalgaon laborer family thrown into surat canal
फीनिक्स मॉल कपल मारपीट विवाद: किरीट सोमैया के आरोपों पर घाटकोपर मदरसे का पहला बयान, कोर्ट जाने की दी चेतावनी

चार लोगों के खिलाफ शिकायत, हत्या की आशंका

बारडोली ग्रामीण पुलिस थाने में खंडियो, अभो, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जलगांव जिले के परिवार को निशाना बनाने के पीछे आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या कोई अन्य कारण था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। आरोपियों की तलाश और लापता बच्चों को खोजने के लिए आठ पुलिस टीमें अलग-अलग दिशाओं में जांच कर रही हैं।

- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट