नासिक गोदावरी नदी निर्माण सोर्स: सोशल मीडिया
नासिक

गोदावरी नदी तट निर्माण कार्य पर मनपा ने रखा पक्ष, अवमानना याचिका के बाद आयुक्त मनीषा खत्री ने पेश किया हलफनामा

Nashik Godavari Riverfront Affidavit: गोदावरी नदी तट निर्माण को लेकर अवमानना याचिका पर मनपा आयुक्त ने हलफनामा दाखिल किया। मनपा ने यांत्रिक गेट और आरसीसी दीवार को मंजूरी प्राप्त होने का दावा किया।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • गोदावरी नदी किनारे निर्माण कार्यों को लेकर दायर अवमानना याचिका पर नासिक मनपा ने हलफनामा दाखिल किया।

  • आयुक्त मनीषा खत्री ने 19 नवंबर 2026 को हाईकोर्ट में मनपा का पक्ष रखा।

  • अहिल्यादेवी होलकर पुल के नीचे बने यांत्रिक गेट और आरसीसी सुरक्षा दीवार पर याचिकाकर्ता ने आपत्ति जताई।

  • मनपा का दावा है कि दोनों निर्माणों के लिए तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरी ली गई थी।

  • नदी के पुनर्सर्वेक्षण में 14 अनधिकृत निर्माण पाए जाने और 24 नोटिस जारी करने की जानकारी दी गई।

Nashik Godavari River Construction: गोदावरी नदी किनारे कथित अनधिकृत निर्माणों को लेकर दायर अवमानना याचिका के बाद नासिक महानगरपालिका आयुक्त मनीषा खत्री ने मुंबई हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है। मनपा ने यांत्रिक गेट और आरसीसी सुरक्षा दीवार के निर्माण को बाढ़ नियंत्रण और नदी किनारे कटाव रोकने के लिए जरूरी बताते हुए इनके लिए तकनीकी एवं प्रशासनिक मंजूरी मिलने का दावा किया है। अब हाईकोर्ट के रुख पर सभी की नजरें हैं।

यांत्रिक गेट और सुरक्षा दीवार पर सवाल

याचिकाओं में अहिल्यादेवी होलकर पुल के नीचे बनाए गए स्वचालित यांत्रिक गेट और गोदावरी नदी सौंदर्याकरण एवं नदी तट संरक्षण परियोजना के तहत निर्मित आरसीसी सुरक्षा दीवार को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

नासिक मनपा आयुक्त की ओर से दाखिल हलफनामे में यांत्रिक गेट के निर्माण को बाढ़ नियंत्रण, पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने, गाद जमने की मात्रा कम करने और गर्मियों में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया कार्य बताया गया है।

मनपा ने यह भी कहा है कि वहां पहले से मौजूद करीब 88 वर्ष पुराना पत्थर का बांध असुरक्षित हो गया था। उसकी स्थिति को देखते हुए नए यांत्रिक गेट का निर्माण किया गया।

बाढ़ से सुरक्षा के लिए बनाई दीवार

आरसीसी सुरक्षा दीवार को लेकर मनपा का कहना है कि नदी किनारे होने वाले कटाव को रोकने और बाढ़ के दौरान सड़कों तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए इसका निर्माण किया गया है।

हलफनामे के अनुसार, यह दीवार नदी के मुख्य प्रवाह क्षेत्र से लगभग 10 से 15 फीट की दूरी पर स्थित है। मनपा ने दावा किया है कि इन दोनों निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरी प्राप्त की गई थी। इसके लिए नेशनल एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (NEERI) की तकनीकी रिपोर्ट को भी आधार बनाया गया है।

ब्लू और रेड लाइन के नियमों का भी उल्लेख

हलफनामे में गोदावरी नदी के ब्लू लाइन और रेड लाइन क्षेत्र में निर्माण से जुड़े नियमों का भी उल्लेख किया गया है। मनपा ने नदी क्षेत्र के पुनर्सर्वेक्षण में 14 अनधिकृत निर्माण पाए जाने और संबंधित मामलों में 24 नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी है।

हाईकोर्ट के अगले रुख पर नजर

दूसरी ओर, याचिकाकर्ताओं की ओर से उठाए गए सवाल गोदावरी नदी के प्राकृतिक स्वरूप, नदी पात्र के संरक्षण और न्यायालय के आदेशों के पालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

अब इस मामले में मुंबई हाईकोर्ट क्या रुख अपनाता है और गोदावरी नदी के संरक्षण को लेकर आगे क्या निर्देश देता है, इस पर नासिकवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट, अमित शाह ने अरुणाचल की तरक्की का बताया हिसाब, कहा- बाहर से नहीं आएगा दूध-अंडा और मास

राजस्थान से बिहार तक 6 दुर्घटनाएं, 27 की मौत; तेज रफ्तार और लापरवाही? आम जनता के साथ-साथ सरकार पर सवाल

Public Holiday: खुशखबरी! 24 नवंबर को स्कूल-कॉलेज-बैंक बंद, देखें राज्यों की लिस्ट

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टिल्लू ताजपुरिया गैंग का गुर्गा पवन उर्फ मक्खी दबोचा गया

ट्रेन में मिला 54 वर्षीय महिला का शव, सफाई के दौरान खुला वारदात का राज; CCTV से 31 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार