Nashik Road Development: नासिक शहर की सभी सड़कों का जल्द ही सीमेंटीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात की समस्या हमेशा के लिए हल हो जाएगी और आगामी 40 वर्षों तक सड़कें खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस तरह के ठोस विकास कार्यों से नासिक का कायाकल्प होने जा रहा है। यह प्रतिपादन नासिक जिले के पालक मंत्री गिरीश महाजन ने व्यक्त किया।
सातपुर क्षेत्र के श्रमिक व कामगार वर्ग के लिए पिछले कई वर्षों से लंबित त्र्यंबक रोड से बारदान फाटा तक 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व पार्षद दिनकर पाटिल द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों के बाद इस सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन पालक मंत्री गिरीश महाजन के कर-कमलों से संपन्न हुआ।
यह सड़क सातपुर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी, जिससे स्थानीय निवासियों और औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों को बड़ी राहत मिलेगी। मार्ग के संकरा होने के कारण इस इलाके में लगातार यातायात का दबाव रहता था और आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती थीं।
भूमिपूजन समारोह के अवसर पर नासिक मनपा आयुक्त मनीषा खत्री, महापौर हिमगौरी आड़के, उपमहापौर विलास शिंदे, पार्षद दिनकर पाटिल, अमोल पाटिल, प्रभाग सभापति समाधान देवरे, अंकिता शिंदे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।