

Nashik Municipal Schools: राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने नासिक मनपा के शिक्षण विभाग द्वारा आयोजित आदर्श शिक्षक पुरस्कार समारोह में कहा कि शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रप्रेम के संस्कार बोने चाहिए। उन्होंने आगामी कुंभ मेले की पृष्ठभूमि पर मनपा स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करते हुए ‘शिक्षणाचा कुंभ’ उपक्रम व्यापक स्तर पर लागू करने का आह्वान किया, ताकि मनपा स्कूलों में छात्रों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच सके।
शिक्षा मंत्री भुसे ने बताया कि राज्य में 30 हजार शिक्षकों की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसमें से 'पवित्र पोर्टल' के माध्यम से पहले चरण में 13 हजार शिक्षकों की बिना-साक्षात्कार नियुक्ति की जा रही है। मनपा स्कूलों में भी शिक्षकों के पदों को भरने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई भर्ती में कला और खेल शिक्षकों को भी अवसर दिया जा रहा है ताकि छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर उपमहापौर विलास शिंदे ने कहा कि मनपा स्कूलों के छात्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की है और शिक्षकों का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाता है। कार्यक्रम में मनपा के शैक्षणिक पोर्टल का उद्घाटन किया गया और स्पर्धा परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों तथा उनका मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को 'आदर्श शिक्षक पुरस्कार' से सम्मानित किया गया, जिनमें रंजना मांडे, ज्योति भागवत, संगीता आढाव, संध्या जाधव, शोभा मगर, योगेश सूर्यवंशी, नाज परवीन खान, तबस्सुम शेख, राजश्री सोनेरी, सचिन चिखले, दिलीप गावित, अर्चना कापडणीस, रंजना पाटिल और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त उपशिक्षिका कुंदा बच्छाव शामिल हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अमित रंजन, सह आयुक्त स्मिता झगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक उपस्थित थे।