Malegaon Municipal Corporation: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में मालेगांव महानगरपालिका की महापौर नसरीन शेख, उपमहापौर शान-ए-हिंद, इस्लाम पार्टी के प्रमुख आसिफ शेख सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस महासंचालक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस महासंचालक निखिल गुप्ता से मुलाकात की।
इस दौरान मालेगांव में सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से वीडियो एवं अन्य सामग्री तैयार कर महापौर और उपमहापौर को बदनाम करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस महासंचालक को सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि महापौर और उपमहापौर दोनों महिलाएं हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि महानगरपालिका की महासभा के दौरान के कुछ पार्षद हंगामा करते हुए महापौर के आसन तक पहुंच जाते हैं।
शिकायतकर्ताओं ने इस प्रकार के व्यवहार को अनुचित बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर अबू आसिम आज़मी ने कहा कि वे मालेगांव की महापौर और उपमहापौर को अच्छा काम करने के लिए बधाई देना चाहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले बुर्का पहनने वाली महिला को महापौर बनाने की बात करते थे, वही लोग अब इन महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क पर खड़े होकर महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। आज़मी ने कहा कि इस मामले में पुलिस महासंचालक कार्यालय में शिकायत की गई है और निखिल गुप्ता ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
वहीं, इस्लाम पार्टी के प्रमुख आसिफ शेख ने कहा कि आज अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात कर शिकायत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM से जुड़े कुछ लोगों द्वारा महिलाओं को बदनाम करने के लिए AI के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।