Malegaon Bhel Food Poisoning: नासिक जिले के मालेगांव तहसील के नांदगांव बुद्रुक गांव में भेल-भत्ता खाने से करीब 150 लोगों के विषबाधित होने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में भेल-भत्ता विक्रेता भिला मोरे के खिलाफ मालेगांव तालुका पुलिस थाने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के बाद मालेगांव तहसील पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, अन्न एवं औषधि प्रशासन ने भी भेल-भत्ता और उससे संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
हालांकि, अभी प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। प्राथमिक जांच में भेल-भत्ता में इस्तेमाल की गई चटनी खाने से फूड पॉइजनिंग होने की आशंका व्यक्त की गई है। विषबाधा के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मालेगांव तहसील पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि मालेगांव की मेयर नसरीन शेख और उपमहापौर शाने हिंद भी मनपा के डॉक्टरों के साथ अस्पताल पहुंचीं थी। उन्होंने कहा था कि मनपा प्रशासन मरीजों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शाम तक करीब 150 मरीज सामान्य अस्पताल में दाखिल हो चुके थे। मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ मरीजों को महिला अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। सभी मरीजों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। सामान्य अस्पताल के प्रमुख डॉ. प्रल्हाद गुटे और मेडिकल ऑफिसर डॉ. मोमिन ने बताया कि अधिकांश मरीजों की तबीयत में अब सुधार हो रहा है।