Devendra Fadnavis Launches Ahilyadevi Holkar Jal Yatra 2026: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्यादेवी होलकर की त्रिशताब्दी (300वें) जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘गोदा से नर्मदा पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी जल यात्रा 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। नासिक में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राज्य के कई दिग्गज नेता और आध्यात्मिक गुरु उपस्थित रहे।
इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने जल यात्रा के लिए तैयार किए गए आधिकारिक 'कार्यक्रम गीत' का भी विमोचन किया। यह यात्रा गोदावरी तट से शुरू होकर नर्मदा तक जाएगी, जिसका उद्देश्य अहिल्यादेवी होलकर के जल प्रबंधन और जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर राजनीति और आध्यात्म का संगम देखने को मिला। इस अवसर पर राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, गिरीष महाजन, छगन भुजबल और विधायक रविंद्र चव्हाण जैसे प्रमुख नेता मौजूद थे। साथ ही, आध्यात्मिक क्षेत्र से परम पूज्य गुरुमाउली अण्णासाहेब मोरे, ह.भ.प. उद्धव महाराज मंडलिक, आचार्य तुषार भोसले और डॉ. रामकृष्णदास महाराज लहवितकर की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशेष रूप से होलकर राजवंश के 16वें वंशज युवराज यशवंतराव होलकर भी इस गौरवशाली पल के साक्षी बने।
जल यात्रा के शुभारंभ के साथ-साथ, देवेंद्र फडणवीस ने नासिक नगर निगम द्वारा शुरू किए गए ‘उन्नत नासिक अभियान’ (Advanced Nashik Campaign) के आधिकारिक लोगो (Logo) का अनावरण किया। यह अभियान शहर के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और आधुनिक विकास को गति देने के लिए तैयार किया गया है।
इस दौरान नासिक की महापौर हिमगौरी आहेर-अडके भी उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अहिल्यादेवी होलकर का जीवन सेवा और सुशासन का प्रतीक है। उनकी 300वीं जयंती पर यह जल यात्रा समाज को जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का काम करेगी। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि 'उन्नत नासिक' जैसे अभियानों के जरिए यह शहर के भविष्य की नई दिशा भी तय कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- Shaktipeeth Expressway: किन-किन धार्मिक स्थलों को जोड़ेगा शक्तिपीठ महामार्ग? जानिए पूरी लिस्ट
इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक पहुंचकर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में भगवान त्र्यंबकेश्वर के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और महाराष्ट्र के सुख-समृद्धी के प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन और कुंभमेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विधायक उपस्थित रहे।