

Devendra Fadnavis Nashik Kumbh Mela Development Work Visit: आगामी सिंहस्थ कुंभमेले को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने नासिक और त्र्यंबकेश्वर में बुनियादी ढांचे के विकास को अपनी प्राथमिकता में ले लिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज त्र्यंबकेश्वर का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इन कार्यों की गति को और अधिक बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने भगवान त्र्यंबकेश्वर के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान त्र्यंबकेश्वर से महाराष्ट्र के सुख-समृद्धी के प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन और कुंभमेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विधायक उपस्थित रहे।
नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए साधु-संतों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे जल्द ही सभी अखाड़ों के महतों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य अखाड़ों की समस्याओं को समझना और विकास कार्यों में उनके सुझावों को शामिल करना है। मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय बिठाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
CM देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगले वर्ष होने वाले कुंभमेले के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। सिंहस्थ कुंभमेला जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, हम विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रयास कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों, घाटों और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने जुना अखाड़ा के महंत हरिगिरी महाराज, निरंजनी अखाड़ा के महंत रविंद्रपुरी महाराज और आनंद अखाड़ा के महंत शंकरानंद सहित कई प्रमुख संतों से आशीर्वाद लिया। मंदिर देवस्थान की ओर से मुख्यमंत्री फडणवीस का भव्य सत्कार भी किया गया।