नंदुरबार जिले केधडगांव के मोडल गांव में एक ही परिवार के 8 बच्चों को विषबाधा।
अरंडी के बीज खाने से 4 वर्षीय निर्मला वळवी की मौत।
7 बच्चों की हालत स्थिर, एक का नंदुरबार जिला अस्पताल में इलाज जारी।
Nandurbar Food Poisoning Castor Seeds Children Death: महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के धडगांव तालुका स्थित मोडल गांव में भूख लगने पर खेत में पड़ी अरंडी की बीज खाने से एक ही परिवार के आठ बच्चे विषबाधा का शिकार हो गए। इनमें चार वर्षीय निर्मला वळवी की मौत हो गई। अन्य सात बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। एक बच्चे को नंदुरबार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के धडगांव तालुका के मोडल गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भूख लगने पर खेत की मेड़ पर पड़े अरंडी के बीज खाने से एक ही परिवार के आठ बच्चे विषबाधा का शिकार हो गए। इस घटना में चार वर्षीय निर्मला वळवी की मौत हो गई। बाकी सात बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे नंदुरबार जिला अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चों के माता-पिता मजदूरी के लिए दूसरे जिले में गए हुए थे। वहीं, परिवार के बुजुर्ग मवेशियों को चराने के लिए बाहर गए थे। इस दौरान बच्चे घर पर थे। भूख लगने पर वे खेत की मेड़ पर लगे अरंडी के पौधों के पास पहुंचे और वहां मौजूद बीज खा लिए।
कुछ समय बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए धडगांव ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में बच्चों के अरंडी के बीज खाने से विषबाधा होने की बात सामने आई।
इस घटना में चार वर्षीय निर्मला वळवी की जान चली गई। एक ही परिवार के आठ बच्चों में पांच लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। मासूम की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
विषबाधा से प्रभावित सात बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इनमें से छह बच्चों का उपचार धडगांव ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक बच्चे को हालत चिंताजनक होने के कारण नंदुरबार के शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में भेजा गया है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चों का उपचार जारी है।
इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में बच्चों की देखभाल और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब माता-पिता मजदूरी के लिए घर से दूर हों और छोटे बच्चे घर पर अकेले रह जाएं।