

Udhna Hasanpur Road Nandurbar Special Train: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अतिरिक्त रेल सेवाएं उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए उधना से हसनपुर रोड होते हुए नंदुरबार के बीच विशेष किराये पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
इसके साथ ही उधना से झंझारपुर, मधुबनी और अन्य मार्गों पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के फेरों का भी विस्तार किया गया है।
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन संख्या 09041/09042 उधना-हसनपुर रोड-नंदुरबार साप्ताहिक स्पेशल कुल 18 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 09041 उधना-हसनपुर रोड स्पेशल प्रत्येक शनिवार रात 11:30 बजे उधना से रवाना होगी और सोमवार दोपहर 2:15 बजे हसनपुर रोड पहुंचेगी। यह सेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09042 हसनपुर रोड-नंदुरबार स्पेशल ट्रेन प्रत्येक सोमवार दोपहर 3:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:30 बजे नंदुरबार पहुंचेगी। यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी।
इस ट्रेन के मार्ग में धरणगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और रुसेरा घाट सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन संख्या 09041 को चलथान, बारडोली और नंदुरबार में अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।
इसमें स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। इसके अलावा 09047/09048 उधना-झंझारपुर-उधना, 09045/09046 उधना-मधुबनी-उधना और 09151/09152 उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल के फेरे भी नवंबर 2026 तक बढ़ाए गए हैं। इन ट्रेनों में शुरुआती कुछ फेरे आरक्षित और बाद के फेरे अनारक्षित रूप में चलेंगे।
ट्रेन संख्या 09041, 09047, 09045 और 09151 के आरक्षित फेरों की बुकिंग 24 सितंबर से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी।
त्योहारी सीजन में ट्रेन टिकटों की भारी मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे का यह फैसला लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उधना से बिहार और अन्य रूटों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने और फेरों के विस्तार से दिवाली व छठ पूजा पर घर जाने वाले प्रवासियों का सफर आसान और सुगम होगा। यात्री समय रहते बुकिंग कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।