राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सोर्स- नवभारत
नागपुर

नागपुर में बोले गडकरी, इन्फ्रास्ट्रक्चर बिना निवेश नहीं, निवेश बिना रोजगार नहीं, दिए विकास के नए गुरुमंत्र

Nitin Gadkari Nagpur: नागपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मंत्री गडकरी ने कहा कि देश से गरीबी मिटाने और रोजगार बढ़ाने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा, तकनीक और ग्रीन कंक्रीट ही असली आधार हैं।

प्रमोद यादव

Asian Scenario on Infrastructural Development: नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसी भी देश या क्षेत्र का विकास मजबूत बुनियादी ढांचे पर ही निर्भर करता है। जब तक बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार नहीं होगा तब तक निवेश नहीं आएगा।

बिना निवेश के रोजगार के अवसर पैदा नहीं होंगे और बिना रोजगार के गरीबी का उन्मूलन संभव नहीं है। यही कारण है कि देश के समग्र विकास में बुनियादी ढांचे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नितिन गडकरी 'इंडियन कंक्रीट इंस्टीट्यूट' (आईसीआई) द्वारा आयोजित 'एशियन सिनेरियो ऑन इंफ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट' विषय पर आधारित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

तकनीक और नवाचार से बनेगा आत्मनिर्भर भारत

नितिन गडकरी ने कहा कि नागपुर भारत का मध्यवर्ती (सेंट्रल) स्थान है, इसलिए एशिया में बुनियादी ढांचे के भविष्य पर मंथन और चर्चा करने के लिए यह सबसे उपयुक्त स्थल है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक ही विकास का असली आधार है और नवाचार ही आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने उपस्थित विशेषज्ञों और इंजीनियरों से टिकाऊ, मजबूत और किफायती इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

UHPFRC तकनीक का सफल प्रयोग

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर जिले के बुनियादी ढांचे का उदाहरण देते हुए बताया कि नागपुर के इंदौरा चौक से दिघोरी चौक के बीच बने 9 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण में अल्ट्रा हाई परफार्मेस रीइंफोर्समेंट कंक्रीट (यूएचपीएफआरसी) तकनीक का उपयोग किया गया है।

इस आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल का नतीजा यह हुआ कि जहां पहले इस दूरी को तय करने में 50 मिनट का समय लगता था, अब वह सफर महज 10 मिनट में पूरा हो जाता है। साथ ही इसके बनने से पूर्वी और उत्तरी नागपुर के बीच सिग्नल-मुक्त आवाजाही संभव हो सकी है।

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के मंच पर आईसीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वी. रामचंद्र, सिडनी से 'इंटरनेशनल फेडरेशन फॉर स्ट्रक्चरल कंक्रीट' के स्टीफन फोस्टे, मनोनीत अध्यक्ष मनोज नवलकर और महासचिव राधाकृष्णन उपस्थित थे।

ग्रीन कंक्रीट और कचरे से कंचन का संकल्प

नितिन गडकरी ने बताया कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सीमेंट उत्पादक देश है और आने वाले समय में पूरे एशिया में इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग मुख्य रूप से कंक्रीट पर आधारित होगी।

फ्लाई ऐश, स्लैग और रिसाइकिल्ड एग्रीगेट्स का उपयोग करके 'ग्रीन कंक्रीट' तैयार किया जा रहा है, जिससे 'कचरे से समृद्धि' के सपने को साकार किया जा रहा है। प्रीकास्ट कंक्रीट और जीएफआरपी जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से निर्माण कार्य की गति में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हो रही है।

SIR मामले में BJP नेता रवि पाटिल को कोर्ट से राहत, 198 वोटर्स के नाम हटाने की कोशिश का आरोप

IT मंत्रालय के आदेश के बाद Apple का बड़ा एक्शन: भारत में ऐप स्टोर से हटाया गया Bitchat ऐप, जानें क्या है वजह

2029 से पहले कैसे PM बनेंगे राहुल गांधी? जेल भेजने की धमकी पर भड़के CM सरमा, बोले- कैदी नहीं, जनता देती है वोट

Weather Today: यूपी-बिहार-झारखंड समेत 14 राज्यों में झमाझम बरसेंगे बादल, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पूरा इजरायल आपको गले लगाएगा...PM नेतन्याहू ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार को भेजा ऐतिहासिक निमंत्रण