Highlights:
नागपुर के तुलसीनगर में 18 नवंबर की रात कारोबारी की 3.74 करोड़ रुपए की नकदी लूटने की वारदात हुई थी।
पुलिस ने बालाघाट से अरविंद चावलपाने और कृष्णा उर्फ रजनीकांत चंद्रवार को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर खेत में भूसे के ढेर के नीचे रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से 3.28 करोड़ रुपए बरामद किए गए।
Nagpur Robbery Case: नागपुर शहर के शांतिनगर थानांतर्गत तुलसीनगर में हुई 3.74 करोड़ रुपए की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को बालाघाट से गिरफ्तार किया है, उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में भूसे के ढेर में छिपाकर रखे गए 3.28 करोड़ रुपए भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले में पुलिस को अब भी 6 आरोपियों की तलाश है लेकिन बालाघाट में हुई गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अन्य आरोपियों की पहचान मिल गई है।
पकड़े गए आरोपियों में डोरलीमाल, वारासिवनी निवासी अरविंद दिनेश चावलपाने (25) और चिखला बांध, खैरलांजी निवासी कृष्णा उर्फ रजनीकांत अनिल चंद्रवार (25) का समावेश है। फरार आरोपियों में जगदीशनगर, गिट्टीखदान निवासी शुभम कमल डहरवाल (25), अभय उर्फ बाबू राजेंद्र यादव (23) और विशाल विनेश सोनगड़े (24) का समावेश है। पुलिस ने शुभम के साले अरविंद डहरवाल और चंद्रकांत बघेल को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुभम, अभय, विशाल और रितेश डकैती के मुख्य सूत्रधार हैं। ये चारों बालाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं और मजदूरी के लिए नागपुर आए थे। इनके खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। चंद्रकांत और रजनीकांत ने इन चारों को बालाघाट रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के साथ वाहन पार्क करने में मदद की थी। इसके बाद चारों अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
विगत 18 नवंबर की रात करीब 1.30 बजे शांतिनगर थाना क्षेत्र के तुलसीनगर में यह वारदात हुई थी। कारोबारी सुरेशकुमार पुखराज परमार (31) के पास अनाज कारोबार से जुटाई गई करीब 3.74 करोड़ रुपए की नकदी थी, यह रकम उनके भाई सोहन मोतीलाल परमार के पास जालना भेजी जानी थी। इसके लिए सोहन ने एमएच.20-एचएच.2369 नंबर की कार चालक मोहनराव के साथ भेजी थी।
परमार और उनके सहयोगियों ललित कुमार तथा सिद्धांत निकम ने 5-6 बैग में नकदी भरकर कार की डिक्की और सीटों के नीचे बने विशेष स्थान में रखी थी। कार पार्किंग से निकल रही थी, तभी सफेद एसयूवी में आरोपी वहां पहुंचे। मास्क पहने 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने चालक और ललित की आंखों में मिर्च पाउडर या केमिकल फेंककर हमला किया। ललित के हाथ पर चाकू से वार किया गया, जबकि चालक की गर्दन पर चाकू रखकर उसे बाहर निकाल दिया।
डकैती के बाद आरोपी कार की कामठी रोड पर सौरी गांव के पास सुनसान स्थान पर छोड़ गए, कार के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा हुआ था, जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकदी को दूसरी कार में शिफ्ट कर लिया था। यह कार एमएच 34-जे. 9029 नंबर की ब्रेजा थी, जिसे शुभम डहरवाल ने जूम एप से किराये पर लिया था, पिछले 2 महीनों में उसने कई बार यह कार बुक की थी। बल्लारशाह निवासी सौरभ कुमार सिंह के नाम पर पंजीकृत इस कार से आरोपियों ने वारदात से पहले 4 दिनों के भीतर 3 बार तुलसीनगर पहुंचकर कारोबारी के घर और गतिविधियों की रेकी की।
5 दिनों तक सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगालने के बाद पुलिस की जांच मध्य प्रदेश के कटंगी और वारासिवनी तक पहुंची। 3 दिनों की तलाश के बाद टीम डौरली माल गांव पहुंची, किसान दिनेश डहरवाल के घर की तलाशी में कुछ नहीं मिला।
इसके बाद उनके बेटे अरविंद से पूछताछ की गई। उसने नकदी छिपाने में अपनी भूमिका स्वीकार की और पुलिस को खेत तक ले गया। वहां भूसे के ढेर के नीचे 3 प्लास्टिक बोरियां मिलीं जिनमें 3.28 करोड़ रुपए रखे थे।
दिनेश के अनुसार, अरविंद ने करीब 4 वर्ष पहले बम्हनी बोनकट्टा की युवती से विवाह किया था। उसका साला शुभम डहरवाल 4 दिन पहले कुछ लोगों के साथ गांव आया था। उसने अरविंद से नकदी छिपाने में मदद मांगी। शुरुआत में इनकार करने के बाद अरविंद कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लालच में तैयार हो गया।
जब्त रकम को वारासिवनी थाने में आवश्यक कार्रवाई के बाद नागपुर लाया जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुट गई है कि आरोपियों को सटीक टिप किसने दी थी।