Nagpur Savner Tree Fall Death: सावनेर में शुक्रवार शाम हुई मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच दो दर्दनाक हादसे हुए।
छिंदवाड़ा रोड पर जर्जर आम का पेड़ गैरेज पर गिरने से संचालक मुश्ताक गुलाम शेख की मौत हो गई, जबकि सचिन दियेवार गंभीर घायल हुए। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से साहिल सत्तार शाह की भी मौत हुई।
मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच सावनेर में शुक्रवार शाम दो दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। छिंदवाड़ा रोड पर विशाल आम का पेड़ अचानक गैरेज पर जा गिरा, जिसमें दबकर गैरेज संचालक की मौत हो गई। दूसरी घटना में आकाशीय बिजली गिरने से 24 वर्षीय युवक की जान चली गई।
सावनेर में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। बिजली की तेज कड़कड़ाहट के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसी दौरान छिंदवाड़ा रोड पर बिजली विभाग कार्यालय के सामने खड़ा जर्जर अवस्था का विशाल आम का पेड़ अचानक धराशायी हो गया।
पेड़ सड़क किनारे स्थित वतन गैरेज पर जा गिरा। हादसे के समय गैरेज में मौजूद लोग पेड़ के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के नागरिक बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पेड़ के नीचे चिचपुरा, सावनेर निवासी गैरेज संचालक मुश्ताक गुलाम शेख (42) बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए पेड़ को काटकर हटाना पड़ा। समाजसेवी हितेश बंसोड समेत स्थानीय लोगों ने मशीनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मुश्ताक को बाहर निकालकर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुश्ताक तीन बच्चों के पिता थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे में गड़ेगांव निवासी सचिन दियेवार (25) भी गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें पेड़ के नीचे से निकालकर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नागपुर शहर रेफर किया गया।
इसी दौरान सावनेर शहर में बारिश के बीच एक अन्य दर्दनाक हादसा हुआ। सर्वोदय नगर निवासी साहिल सत्तार शाह (24) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सर्वोदय नगर स्थित पुरानी पानी की टंकी के पास तेज बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से साहिल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एक ही शाम बारिश और आंधी के बीच हुए इन दोनों हादसों से सावनेर में शोक का माहौल है।