Nagpur Landlord Murder Case: नागपुर शहर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अमरनगर इलाके में मंगलवार को पूर्व किरायेदार ने भारी उत्पात मचाया। घर से निकाले जाने को लेकर मकान मालिक से उसकी रंजिश थी। हाथ में धारदार हथियार लिए वह मकान मालिक के घर में घुस गया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मकान मालिक दंपति को बचाने आई उनकी रिश्तेदार पर भी वार किया। इस घटना में महिला रिश्तेदार की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक दंपति बुरी तरह जख्मी हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
काफी मशक्कत के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। मृतका नंदनवन निवासी संगीता चौधरी बताई गईं। जख्मियों में अमरनगर वार्ड क्र। 10 में रहने वाले धर्मपाल सुदाम डहाट (51) और वनिता धर्मपाल डहाट (48) का समावेश है।
पकड़ा गया आरोपी राजीवनगर, हिंगना निवासी रोशन नीलकंठ तराल (30) बताया गया। वह मूलतः नरखेड़ का रहने वाला है। करीब 1 वर्ष पहले रोशन डहाट के घर पर किराये से रहने आया था। वह दिनभर लाउड म्यूजिक में गाने बजाता था।
उसकी हरकतों से डहाट परेशान थे। कई बार टोकने बावजूद वह नहीं सुधरा, इसीलिए डहाट ने उससे कमरा खाली करवा लिया। तब से रोशन उन पर भड़का हुआ था। मकान खाली करते समय भी उसने डहाट के साथ शाब्दिक झड़प की थी।
तीनों पर बुरी तरह हमला करने के बाद रोशन दोबारा घर के भीतर चला गया। इसी दौरान स्थानीय युवकों ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, रोशन ने भी भीतर से दरवाजा बंद कर लिया था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
धर्मपाल और वनिता को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भतीं किया गया लेकिन संगीता की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। खबर मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची, रोशन भीतर तलवार लेकर बैठा था और दरवाजा भीतर से बंद था।
यह भी पढ़ें:-नवभारत संपादकीय: देश की परीक्षा व्यवस्था बदलेगी? नंदन नीलेकणी के नेतृत्व में टास्क फोर्स गठित
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर रोशन से तलवार छीन ली और गिरफ्तार कर लिया। संगीता का शव पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही ज्वाइंट सीपी नवीनचंद रेड्डी, डीआईजी वसंत परदेशी, डीसीपी एस. ऋषिकेश रेड्डी ने घटनास्थल पहुंचकर वारदात का जायजा लिया। इस घटना में बेगुनाह संगीता की जान चली गई।