Highlights:
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पुराने बंगले के पास स्थित आकर्षक फाउंटेन लंबे समय से बंद पड़ा है।
गडकरी के महल स्थित गडकरी वाड़ा में शिफ्ट होने के बाद फाउंटेन बंद होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रखरखाव के अभाव में फाउंटेन के आसपास झाड़ियां उग आई हैं और चौराहे की सुंदरता प्रभावित हुई है।
Nagpur Jaiprakash Nagar Fountain: वीआईपी के आने पर शहर की सड़कों से लेकर चौराहों तक चमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती लेकिन उनके जाते ही विकास की चमक भी गायब हो जाती है। इसका ताजा उदाहरण जयप्रकाशनगर चौक पर देखने को मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बंगले के पास स्थित यह फाउंटेन कभी चौराहे की खूबसूरती बढ़ाने के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र हुआ करता था लेकिन अब यह पूरी तरह बंद पड़ा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हाल ही में जयप्रकाशनगर स्थित अपना बंगला छोड़कर महल स्थित गडकरी वाड़ा में शिफ्ट हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनके बंगला छोड़ते ही जयप्रकाशनगर चौक का फाउंटेन भी बंद हो गया। इससे सवाल उठने लगे हैं कि क्या शहर की सुंदरता और नागरिकों के लिए विकसित की गईं सुविधाएं केवल वीआईपी की मौजूदगी तक ही सीमित हैं?
फाउंटेन बंद होने से चौक की रौनक पूरी तरह गायब हो गई है। जिस स्थान पर कभी पानी की खूबसूरत फुहारें राहगीरों और स्थानीय नागरिकों का ध्यान खींचती थीं वहां अब वीरानी नजर आ रही है। फाउंटेन के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। रखरखाव के अभाव में यह पूरा परिसर बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी बदहाली दिखाई नहीं दे रही है। न फाउंटेन चालू कराने की पहल हो रही है और न ही आसपास की सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में नगर की सुंदरता बढ़ाने के नाम पर किए गए विकास कार्यों की उपयोगिता पर सवाल खड़े होना लाजमी है।
शहर में विकास के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर आकर्षक सुविधाएं तो तैयार कर दी जाती है लेकिन उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? इसका जवाब किसी के पास नहीं है। जयप्रकाशनगर चौक का बंद फाउंटेन इसी लापरवाही का उदाहरण बन गया है।
क्या किसी बड़े नेता या वीआईपी की मौजूदगी ही इन सुविधाओं को चालू रखने की वजह है? आम नागरिकों के लिए बनाई गई व्यवस्था उनके जाने के बाद बंद क्यों हो जाती है? अब देखना यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस बदहाल फाउंटेन की सुध कब लेते हैं या फिर यह भी शहर के उन विकास कार्यों की सूची में शामिल हो जाएगा जो उद्घाटन और दिखावे तक ही सीमित रह जाते हैं।