GRP Jawan Death Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में दोस्तों के साथ गेट-टुगेदर पार्टी के लिए पहुंचे 38 वर्षीय रेलवे पुलिस (GRP) जवान सचिन आवारी की स्विमिंग पूल में हादसे के दौरान मौत हो गई। घटना कुही तालुका के सोनेगांव स्थित बाल गिरी फार्म में हुई। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सचिन आवारी अपने वर्ष 2013 बैच के पुराने दोस्तों के साथ गेट-टुगेदर के लिए फार्म हाउस पहुंचे थे। रेलवे पुलिस सेवा के 13 वर्ष पूरे होने की खुशी में सभी दोस्तों ने साथ समय बिताने का कार्यक्रम बनाया था।
मंगलवार रात करीब 10.30 बजे सभी लोग फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में तैरने के लिए उतरे। इसी दौरान सचिन ने पूल में छलांग लगाने की कोशिश की। छलांग लगाते समय उनका सिर पूल के कंक्रीट के कोने से जोर से टकरा गया।
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में छलांग लगाते ही कंक्रीट से सिर टकराने के कारण सचिन को गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
कुही पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, कम गहरे स्विमिंग पूल में बिना पर्याप्त सावधानी के छलांग या डाइव लगाने से सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लग सकती है। कई मामलों में ऐसी चोट जानलेवा भी साबित होती है।
महाराष्ट्र में इससे पहले भी स्विमिंग पूल में छलांग लगाने के दौरान हादसे सामने आ चुके हैं। जून में एक रिजॉर्ट में रील बनाने के दौरान पूल में छलांग लगाने से एक युवक की मौत की घटना सामने आई थी। वह अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने गया था और घटना का वीडियो भी सामने आया था।