

Akot Swimming Pool Accident: अकोट शहर से करीब 1 कि.मी. दूर पुराने बोर्डी रोड स्थित अधिराज स्विमिंग पूल में तैरने गए 18 वर्षीय छात्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना 18 सितंबर की दोपहर की है। मृतक की पहचान सोमवार वेस, अकोट निवासी स्पंदन खाजवणे के रूप में हुई है। दोस्तों के साथ तैरने गए स्पंदन के अचानक पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्पंदन कुछ दोस्तों के साथ पुराने बोर्डी रोड स्थित अधिराज स्विमिंग पूल में तैरने गया था। तैरते समय वह अचानक पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे तत्काल अकोट ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर अकोट शहर पुलिस थाने के थानेदार किशोर जुनघरे और पीएसआई गोपाल खरे ने घटना स्थल का दौरा कर जानकारी ली। स्पंदन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद अधिराज स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
घटना के समय पूल में प्रशिक्षक या प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं, इसकी जानकारी अभी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है। इसके अलावा पूल संचालन के लिए आवश्यक अनुमति, क्रीड़ा संचालनालय के नियमों का पालन तथा अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गई थीं या नहीं, इसकी भी जांच की मांग उठ रही है।