Nagpur Haj Pilgrims: नागपुर शहर से नागपुर एयरपोर्ट से 145 हज यात्रियों का पहला जत्था मक्का मदीना के लिए रवाना हो गया। उनको विदाई देने के लिए एयरपोर्ट के बाहर परिजन बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए। सभी ने नम आंखों से हज यात्रियों को विदाई दी। परिजनों की आंखों में आंसू देख हज यात्री भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके।
नागपुर एयरपोर्ट पर हज यात्रियों के आने का सिलसिला रात्रि 11 बजे से शुरू हो गया था। नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने के कारण परिजनों को एयरपोर्ट के अंदर जाने की इजाजत नहीं मिली। उन्होंने हज यात्रियों को एयरपोर्ट के गेट से ही विदा करना पड़ा।
बता दें कि हज यात्री जिस पल का बड़ी बेसब्री का इंतजार कर रहे थे, वह पल आज गुरुवार को आ गया। नागपुर एयरपोर्ट से से 145 हज यात्रियों की पहली फ्लाइट शुक्रवार 24 मई को देररात 3.45 बजे मक्का मदीना के लिए रवाना हुई। इसमें नागपुर सहित विदर्भ के हज यात्री शामिल थे।
महाराष्ट्र हज कमेटी के अनुसार गुरुवार को हज यात्रियों को सऊदी मुद्रा रियाल, पासपोर्ट, वीजा, बोर्डिंग पास, लगेज टैग, आईडी कार्ड, ई-बेसलेट, स्टील का कड़ा (कवर नंबर के साथ) का वितरण किया गया है। अनेक हज यात्री हज हाउस के बजाय सीधे विमानतल पहुंचे। एक हज यात्री 20-20 किलो के दो सूटकेस और 7 किलो का एक बैग ले जा सकता है। हज यात्रियों नेनिर्धारित समयसीमा में रिपोर्टिंग कर कमेटी का सहयोग किया।
यह भी पढ़ें:- गोंडपिपरी: करंजी MIDC भूमि अधिग्रहण का विरोध तेज, किसानों ने जनसुनवाई बिना प्रक्रिया रोकने की चेतावनी
मध्य नागपुर स्थित दवाई मार्केट के बाजू में बने हज हाउस में शुक्रवार को काफी चहल पहल दिखी। अपने बुजुर्गों को हज के लिए मक्का मदीना के लिए विदा करने छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी आए। एक दूसरे को देखकर सभी की आंखें नम हुई। जैसे ही हज यात्रियों को बस से एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया सभी की आंखों में आसू आ गए। जब तक हज हाउस में यात्री मौजूद रहे परिजन उनके पास ही रहे।