

Nitin Gadkari Family Death Threat Via Facebook Post: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का उपयोग कर जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नागपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई निवासी और 'अखिल भारतीय हिंदू महासभा' के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार चौहान 22 अप्रैल को निजी कार्यवश नागपुर आए थे। जब वे शहर के यशवंत स्टेडियम इलाके में थे, तब उनकी नजर फेसबुक पर 'सनातनी शेर' नामक एक अकाउंट से अपलोड किए गए वीडियो पर पड़ी। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
वायरल वीडियो में आरोपी ने नितिन गडकरी और उनके परिजनों के खिलाफ बेहद अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने गडकरी परिवार को जान से मारने की सीधी धमकी दी और कुछ अन्य वीडियो के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश भी की। वीडियो में लगाए गए आरोपों का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच तनाव पैदा करना और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ना था।
शिकायत मिलते ही धनतोली पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की, जो नागपुर की ही निकली। आरोपी की पहचान आयुष रमेश चंद्र अग्रवाल (निवासी: महालक्ष्मी नगर, मानेवाड़ा चौक, नागपुर) के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि आयुष ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बना रखी थी, जिसके जरिए वह इस तरह की भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर रहा था।
नागपुर पुलिस ने आरोपी आयुष अग्रवाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस धमकी के पीछे किसी अन्य संगठन का हाथ है या आरोपी ने निजी रंजिश या पब्लिसिटी स्टंट के लिए यह कदम उठाया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या धमकी भरी पोस्ट साझा न करें।