Highlights:
नागपुर में भारतीय वायुसेना के एयर शो की रिहर्सल देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे।
बारिश, बादलों और धुंध के कारण हवाई प्रदर्शन प्रभावित हुआ।
सारंग हेलिकॉप्टर और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने करतब दिखाए, लेकिन आकाशगंगा टीम का पैराग्लाइडिंग प्रदर्शन नहीं हो सका।
Indian Air Force Air Show: आसमान में कलाबाजियां दिखाने का रोमांच, लड़ाकू विमानों की गर्जना और उन्हें करीब से देखने की उत्सुकता... शनिवार सुबह नागपुर में कुछ ऐसा ही नजारा था। भारतीय वायुसेना के एयर शो की रिहर्सल देखने के लिए शहरवासी परिवार और बच्चों के साथ सड़कों पर पहुंच गए। हालांकि मौसम की बेरुखी ने उनके उत्साह पर पानी फेर दिया।
इसके बाद भी पायलटों ने अपना जज्बा बनाएं रखा, सुबह हुई बारिश के बाद छाए बादलों और धुंध के कारण हवाई करतब प्रभावित हुए। सारंग और सूर्यकिरण टीम ने अपने प्रदर्शन से आसमान में रोमांच जरूर जगाया, लेकिन आकाशगंगा टीम पैराग्लाइडिंग नहीं कर सकी। वहीं वायुसेना के लड़ाकू विमान सुखोई-30 एमकेआई ने निर्धारित तीन फ्लाईपास्ट के बजाय केवल एक बार ही उड़ान भरी।
एयर शो की रिहर्सल वायुसेना नगर स्थित मेंटेनेंस कमांड परिसर में आयोजित की गई थी। सुरक्षा कारणों से यहां केवल आमंत्रितों को ही प्रवेश दिया गया था। पिछले अनुभवों को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग अमरावती रोड, फुटाला तालाब, दाभा और काचीमेट परिसर में पहुंच गए। कई परिवार बच्चों को लेकर सुबह से ही इन इलाकों में डेरा जमाए हुए थे। सड़क किनारे वाहनों की कतारें लग गईं और हर किसी की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं।
शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद आसमान में बादलों का डेरा रहा। धुंध के कारण दृश्यता और रोशनी भी प्रभावित हुई। इसका असर हवाई प्रदर्शन पर साफ दिखाई दिया। सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने अपने करतब दिखाए, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण उनका प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ।
आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम का पैराग्लाइडिंग प्रदर्शन नहीं हो सका। दूसरी ओर सुखोई-30 एमकेआई ने भी तीन बार के बजाय केवल एक बार फ्लाईपास्ट किया। जिन लोगों ने आसमान में विमानों की रोमांचक कलाबाजियां देखने के लिए घंटों इंतजार किया था, उन्हें अपेक्षित नजारा नहीं मिल सका।
एयर शो का नजारा देखने के लिए फुटाला तालाब पहुंचे नागरिकों को मौसम के साथ पुलिस बंदोबस्त की भी चुनौती झेलनी पड़ी। बिरसा मुंडा चौक से ही बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया था। नागपुर विद्यापीठ के कैंपस चौक की ओर से आने वाले रास्ते पर भी इसी तरह की पाबंदी थी। दाभा मार्ग पर कुछ लोगों को आगे जाने दिया गया, जबकि कई लोगों को रोक दिया गया। शहर के अलग-अलग इलाकों से परिवार के साथ पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। इससे नागरिकों में नाराजगी भी देखने को मिली।
आसमान में उड़ते विमान को देखने का आकर्षण आज भी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में कायम है। यही वजह रही कि शनिवार को बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर एयर शो की रिहर्सल देखने पहुंचे थे। वायुसेना के विमानों की आवाज सुनते ही लोग आसमान की ओर देखने लगते थे। हालांकि मौसम के चलते कई लोगों को निराशा हाथ लगी। नागरिकों का कहना था कि जब एयर शो का आयोजन शहर में किया जा रहा है तो आम लोगों को भी इसे देखने का अवसर मिलना चाहिए।
नागपुर में कुछ वर्ष पहले तक सोनेगांव एयरफोर्स स्टेशन में एयर शो आयोजित किया जाता था। उस समय यह आयोजन आम नागरिकों के लिए खुला रहता था। भले ही एंट्री निमंत्रित लोगों के लिए ही होती थी, लेकिन बाहरी परिसर से सभी नागरिक आसमानी कलाबाजियां देख पाते थे। विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर और अन्य विमान प्रदर्शित किए जाते थे। इनके बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाती थी।
लोग विमानों को करीब से देखने के साथ ही हवाई करतबों का आनंद लेते थे। खासकर स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन बेहद आकर्षक और ज्ञानवर्धक होता था। इससे बच्चों को वायुसेना की कार्यप्रणाली और विमानन क्षेत्र को समझाने का अवसर मिलता था। अब एयर शो के आमंत्रितों तक सीमित हो जाने से आम नागरिक इससे वंचित रह जाते हैं।
ऐसे में नागरिकों की मांग है कि पूर्व की तरह सोनेगांव स्टेशन परिसर में सभी के लिए खुला एयर शो आयोजित किया जाए ताकि नई पीढ़ी को भी भारतीय वायुसेना की ताकत और कौशल को करीब से देखने का अवसर मिल सके।