Maharashtra Weather Update: नागपुर मानसून के आगमन के बावजूद पिछले कई दिनों से शहर में केवल हल्की बौछारें और बूंदाबांदी हो रही थी, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी। हालांकि शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और शहर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश ने मानसून की रफ्तार का अहसास करा दिया। करीब आधे घंटे तक लगातार बिजली की कड़कड़ाहट और तेज वर्षा से मौसम पूरी तरह बदल गया तथा लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार शाम 5.30 बजे तक शहर में 35 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई। शनिवार सुबह तक आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जबकि दोपहर के समय मौसम साफ होता नजर आया। शाम ढलने से पहले अचानक घने काले बादलों ने पूरे शहर को घेर लिया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश का असर शहर के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग देखने को मिला। सोनेगांव, पारडी, कलमेश्वर, वर्धा रोड और धरमपेठ सहित कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को कुछ समय के लिए आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बोरगांव, गिट्टीखदान, जाफरनगर और मानकापुर जैसे इलाकों में केवल हल्की बारिश और बौछारें दर्ज की गईं।
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बारिश के चलते वातावरण में नमी बढ़ी, लेकिन तेज वर्षा के कारण गर्मी का असर काफी कम हो गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भी राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 1 जुलाई तक नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन बारिश की संभावना बनी हुई है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ वर्षा होने और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत भी दिए गए हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस से लगातार राहत मिलने की उम्मीद है।