Maharashtra Monsoon Update: महाराष्ट्र में मानसून की रफ्तार तेज, 25 जून के बाद मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

Maharashtra Monsoon Update: भीषण गर्मी और उमस से परेशान महाराष्ट्रवासियों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून के आसपास मुंबई में मानसून पहुंच सकता है।
Maharashtra Monsoon Update Heavy Rain Alert
मुंबई मानसून बारिश चेतावनी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Maharashtra Monsoon Update Heavy Rain Alert: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे महाराष्ट्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, कुछ दिनों से धीमी गति से आगे बढ़ रहा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।

23 जून से इसकी रफ्तार बढ़ने की संभावना है, जिसके बाद मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 23 जून के दौरान दक्षिण कोंकण और महाराष्ट्र से सटे क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां तेज होगी।

इसके बाद 24 से 26 जून के बीच मानसून के मुंबई, उत्तर कोंकण और राज्य के आंतरिक भागों में आगे बढ़ने की संभावना है। विभाग ने 25 जून से 1 जुलाई के बीच मुंबई समेत पूरे कोंकण तट पर भारी से अतिभारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर 23 और 24 जून को कोंकण और गोवा में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून प्रभावित

वैज्ञानिक माणिकराव खुले ने बताया कि अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून की प्रगति प्रभावित हुई है। इससे पहले 2019 और 2023 में भी एल-निनो वर्ष होने के कारण मुंबई में मानसून करीब 14 दिन की देरी से पहुंचा था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी एल-निनो का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन 25 जून के आसपास मुंबई में मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। विदर्भ और पूर्वी उप्र के कुछ हिस्सों में 25 जून तक गर्मी और लू जैसे हालात बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

पश्चिम मराठवाड़ा के जिलों में भी अच्छी बारिश

मुंबई में मानसून के आगमन के बाद जून के अंतिम सप्ताह में नाशिक, अहिल्यानगर, पुणे, सातारा, कोल्हापुर, खानदेश और पश्चिम मराठवाड़ा के जिलों में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, पूर्व मराठवाड़ा और विदर्भ में मुख्य मानसूनी बारिश के लिए जुलाई के पहले-दूसरे सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, इस दौरान कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com