नागपुर. विपक्ष कितनी भी एकता दिखा लें उन्हें सफलता नहीं मिलने वाली. अकेले पड़ गए विपक्षी परिवारवाद टिकाने का प्रयत्न कर रहे हैं जो महाराष्ट्र नहीं संभाल सकते वे दिल्ली क्या संभालेंगे. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने महविकास आघाड़ी के नेताओं पर उक्त चुटकी ली. वे पटना में सारे विपक्षी दलों के एक साथ जुटने के सवाल पर पत्रकारों को जवाब दे रहे थे.
उन्होंने कहा कि पैसे से सत्ता और सत्ते से पैसा कमाने वाले विरोधियों की आगामी पीढ़ी खतरे में आ गई है इसलिए इन्हें लगता है कि आज अगर एकसाथ नहीं आए तो उनका सब कुछ ध्वस्त हो जाएगा. उनके सारे काले धंधे उजागर हो जाएंगे. बावनकुले ने कहा कि कुछ भी कर लें हमें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. महाराष्ट्र की जनता इनका साथ नहीं देगी.
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगामी लोस चुनाव में एनडीए 400 सीटें जीतेगी. राकां में ओबीसी प्रदेशाध्यक्ष की मांग सामने आ रही है, इस पर बावनकुले ने कहा कि राकां ओबीसी विरोधी है. उनके बड़े ओबीसी नेता अब भाजपा में आ रहे हैं इसलिए एक बार फिर राकां में महानाट्य होगा.