मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
नागपुर

फेसबुक विज्ञापन से 21.85 लाख की चपत: नागपुर में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर धोखाधड़ी

Nagpur Investment Fraud: नागपुर में शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने किसान से 21.85 लाख रुपये ठग लिए। फेसबुक विज्ञापन के जरिए उसे निवेश ग्रुप में जोड़ा गया था।

अंकिता पटेल

Nagpur Stock Market Investment Fraud: शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने गिट्टीखदान क्षेत्र के किसान मोहसिन रजा काजी (42) से 21.85 लाख रुपये ठग लिए।

ठगी का पता तब चला, जब निवेश की रकम निकालने पर उन्हें पैसे नहीं मिले और ठगों ने 93 लाख रुपये के शेयर उनके खाते में होने का दावा करते हुए 43 लाख रुपये और जमा करने को कहा। साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फेसबुक विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल

मोहसिन खेती के साथ दवा बिक्री का व्यवसाय भी करते हैं। कुछ दिन पहले फेसबुक चलाते समय उन्हें शेयर बाजार में निवेश से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। कुछ समय बाद निवेश में उनकी रुचि पूछकर उन्हें दूसरे ग्रुप में शामिल किया गया।

इस ग्रुप में मौजूद लोगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर भारी और जल्द मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी देकर काजी से निवेश के नाम पर रकम जमा कराने को कहा। मुनाफे की उम्मीद में उन्होंने कई किस्तों में कुल 21.85 लाख रुपये जमा कर दिए।

रकम निकालने की कोशिश की तो खुला राज

कुछ समय बाद काजी ने अपने निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पैसे निकालने की अनुमति नहीं मिली। जब उन्होंने ग्रुप में मौजूद लोगों से संपर्क किया तो ठगों ने नया बहाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि काजी के खाते में 93 लाख रुपये के शेयर जमा हो चुके हैं।

ठगों ने इन शेयरों को निकालने के लिए 43 लाख रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की। इतनी बड़ी रकम मांगे जाने पर काजी को संदेह हुआ। उन्होंने जब पूरे मामले की पड़ताल की तो उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।

बैंक खातों और आरोपियों की जानकारी खंगाल रही पुलिस

ठगी का पता चलते ही काजी ने साइबर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच टीम अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें काजी से रकम जमा कराई गई थी। साथ ही फेसबुक विज्ञापन, व्हाट्सऐप/ऑनलाइन ग्रुप और आरोपियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

साइबर ठगी से बचने के लिए

शेयर बाजार में निवेश से पहले कंपनी, ऐप और सलाहकार की विश्वसनीयता की जांच करें। सोशल मीडिया ग्रुप में मिलने वाले निवेश टिप्स पर भरोसा कर बड़ी रकम ट्रांसफर न करें।

2027 की जनगणना से पहले राहुल गांधी और खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, जाति के आंकड़ों पर उठाए सवाल

6 साल में 41 मासूमों की मौत; अमरावती से झांसी तक अस्पताल बने आग का गोला, लेकिन एक भी दोषी को नहीं हुई सजा

मनुस्मृति पर राहुल गांधी के बयान पर भड़के जगद्गुरु अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- हिंदू धर्म विरोधी मानसिकता त्यागें

जहरीला धतूरा बेच रहे थे अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट, FSDA ने सस्पेंड किया फूड लाइसेंस, हड़कंप

आपका धर्म पारसी है,अन्य धर्मों पर टिप्पणी करने का हक नहीं, राहुल गांधी पर सांसद निशिकांत दुबे का जुबानी हमला