Nagpur Crime E-Rickshaw Driver: नागपुर जिले में ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों ने एक युवक को बड़ी बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर लूट लिया। इस मामले में लकड़गंज पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल जब्त कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में यशोधरानगर निवासी शेख वसीम शेख हाशिम, प्रेमनगर निवासी नीलेश संतोष मेंढोले और तीन खंबा चौक, टिमकी निवासी शेख वसीम उर्फ अकरम मोहम्मद रफीक का समावेश है।
धरमपेठ निवासी कुलदीप किशन सिंह ठाकुर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। कुलदीप मूलतः जबलपुर का रहने वाला है। रात 9।30 बजे वह मारवाड़ी चौक से धरमपेठ जाने के लिए वसीम के ई-रिक्शा में सवार हुआ। अन्य 2 आरोपी पहले से ही रिक्शा में सवार थे। टेलीफोन चौक पर आरोपी वसीम ने रिक्शा रोका और शराब खरीदने के लिए किराये के पैसे मांगे। कुलदीप ने उसे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद आरोपी कुलदीप को धरमपेठ ले जाने की बजाय इतवारी रेलवे स्टेशन के माल धक्का परिसर में ले गए। वहां उसे घेर कर पीटा गया। डंडे से वार कर जान से मारने की धमकी दी गई, जेब से नकद, मोबाइल, एटीएम और पैन कार्ड निकाल लिया और फरार हो गए, महज 6 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों का पता लगा लिया, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का माल और वसीम का ई-रिक्शा जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें:- नागपुर WCL कोयला विवाद: समाधान के लिए बुलाई थर्ड पार्टी ही निकली धोखेबाज, खरीदार से मिलकर की करोड़ों साजिश
इंस्पेक्टर मुकुंद कवाडे और मनोज चौधरी के मार्गदर्शन में एपीआई अजार शेख, पीएसआई सागर शिंदे, सखाराम काबले, हेड कांस्टेबल नीलेश घायवट, उमाकांत नागदेवे, प्रभाकर मानकर, प्रदीप गेडाम, सुनील कोडे, नौशाद शेख, देवेंद्र शेलूरकर, आशिष बांते, ईश्वर मोहेकर और चंद्रकांत केंद्रे ने कार्रवाई को अंजाम दिया।