अभिजीत वंजारी (सोर्स: सोशल मीडिया)
नागपुर

मारपीट जैसे 18 आपराधिक मामले और 16 करोड़ की संपत्ति, जानें नागपुर से जीते अभिजीत वंजारी का पूरा कच्चा-चिट्ठा

Abhijeet Wanjari Criminal Cases: नागपुर स्नातक चुनाव जीतने वाले अभिजीत वंजारी पर 18 आपराधिक मामले और 16 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। यहां कांग्रेस नेता वंजारी का पूरा कच्चा-चिट्ठा।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी ने जीत हासिल की है।

  • उनके खिलाफ चुनाव आयोग के हलफनामे में कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

  • उनके पास सोलह करोड़ से अधिक की चल और अचल संपत्ति मौजूद है।

Abhijeet Wanjari Assets Description: नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी बार इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। 41 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद घोषित नतीजों में उन्होंने अपने भाजपा के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 3,271 मतों के अंतर से शिकस्त दी। इस कड़े मुकाबले में अभिजीत वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि सुधाकर कोहले को 63,960 वोट हासिल हुए।

हालांकि, चुनावी नतीजों के साथ ही चुनाव आयोग में पेश किए गए उनके एफिडेविट के आंकड़े भी सुर्खियों में हैं, जिनमें उनके खिलाफ दर्ज 18 आपराधिक मामलों और करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा सामने आया है।

18 मामले, लेकिन किसी में सजा नहीं

ADR और उम्मीदवार के चुनावी हलफनामे के अनुसार, अभिजीत वंजारी पर कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हलफनामे में दर्ज ब्योरे के मुताबिक उनके खिलाफ IPC की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

  • मारपीट और अश्लील कृत्य: उनके खिलाफ स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना (IPC धारा 325 व 323) और अश्लील कृत्य व गाने (IPC धारा 294) से जुड़े मामले दर्ज हैं।

  • अपहरण और दंगा: हलफनामे में अपहरण (IPC धारा 363), दंगा भड़काना (IPC धारा 147), और घातक हथियारों से लैस होकर दंगा करने (IPC धारा 148) के आरोप शामिल हैं।

  • गैर-कानूनी जमावड़ा और धमकी: उन पर गैर-कानूनी तरीके से जमावड़ा करने (IPC धारा 143, 145, 149) और आपराधिक धमकी देने (IPC धारा 506) के आरोप हैं।

  • सरकारी कर्मचारी पर हमला व घुसपैठ: इसके अलावा सरकारी सेवक के काम में बाधा डालने या हमला करने (IPC धारा 353), अनाधिकृत प्रवेश या घुसपैठ करने (IPC धारा 452, 447, 448), और सरकारी आदेशों के उल्लंघन (IPC धारा 188, 269, 270) के तहत मामले दर्ज हैं।

राहत की बात यह है कि हलफनामे के आंकड़ों के अनुसार, उन्हें इनमें से किसी भी आपराधिक मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है।

12 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति

हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक, अभिजीत वंजारी और उनके परिवार के पास 12.34 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है। उनकी अचल संपत्ति का ब्योरा-

  • कृषि भूमि: लगभग 1.74 करोड़ रुपये की कृषि योग्य जमीन।

  • गैर-कृषि भूमि: 3.40 करोड़ रुपये मूल्य के प्लॉट।

  • व्यावसायिक इमारतें: 1.20 करोड़ रुपये की कमर्शियल प्रॉपर्टी।

  • आवासीय इमारतें: मुंबई के वर्ली और महालक्ष्मी क्षेत्र में स्थित फ्लैट्स सहित कुल 6 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्ति।

इसके अतिरिक्त, उनके पास 3.87 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति दर्ज है, जिसमें बैंक डिपॉजिट, बीमा पॉलिसी, टोयोटा फॉर्च्यूनर और हुंडई क्रेटा जैसी गाड़ियां तथा 18.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। इस प्रकार उनकी कुल संपत्ति 16.21 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि उन पर 3.17 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां भी दर्ज हैं।

राजनीतिक विरासत और शैक्षणिक पृष्ठभूमि

10 मई 1973 को नागपुर में जन्मे अभिजीत वंजारी एक जाने-माने राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता स्वर्गीय गोविंदराव मारोतराव वंजारी नागपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से दो बार कांग्रेस के विधायक रहे थे।

अभिजीत वंजारी ने नागपुर विश्वविद्यालय के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर कॉलेज ऑफ लॉ से B.A. LLB की डिग्री हासिल की है। उन्होंने 1998 से 2002 तक NSUI महाराष्ट्र के महासचिव के रूप में कार्य किया। वे 10 कॉलेजों का संचालन करने वाली संस्था अमर सेवा मंडल के सचिव भी हैं। उनकी पत्नी स्मिता वंजारी अंग्रेजी की प्रवक्ता हैं और नागपुर विश्वविद्यालय में सीनेट सदस्य हैं।

नागपुर में कांग्रेस के गढ़ को मजबूती

वर्ष 2020 के चुनाव में अभिजीत वंजारी ने भाजपा के छह दशकों से चले आ रहे दबदबा को तोड़कर पहली बार नागपुर स्नातक सीट जीती थी। RSS के मुख्यालय और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह क्षेत्र में दोबारा मिली यह जीत कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई है।

Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR में ओले-आंधी का अलर्ट, UP-बिहार से MP तक बरसेंगे बादल; जानें अपने राज्य का हाल

Firecracker Ban: पटाखों पर बैन के पक्ष में नहीं SC, विराट कोहली का जिक्र कर क्या कहा?

विधान परिषद चुनाव में केवल एक सीट पर कांग्रेस की विजय, जानें भाजपा के गढ़ में अभिजीत की जीत के 10 बड़े कारण

PM आवास के पास स्थित रेस कोर्स मस्जिद पर नहीं चलेगा बुलडोजर, हाई कोर्ट में केंद्र सरकार ने क्या कहा?

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू यादव को राहत, दिल्ली हाई कोर्ट ने ED को जारी किया नोटिस