CM देवेंद्र फडणवीस, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोर्स- सोशल मीडिया
नागपुर

नागपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का रास्ता साफ, रक्षा मंत्रालय से मिली 27 एकड़ जमीन, 2029 तक भव्य विस्तार

Nagpur Airport New Terminal: नागपुर एयरपोर्ट के विस्तार में वायु सेना की जमीन का अड़ंगा दूर हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फडणवीस की बैठक में 27 एकड़ जमीन हस्तांतरण पर ऐतिहासिक सहमति बनी।

प्रमोद यादव

Nagpur IAF Land Transfer: नागपुर में डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के विस्तार और विकास में आ रही सबसे बड़ी अड़चन अब पूरी तरह दूर हो गई है। राज्य सरकार और भारतीय वायु सेना के बीच जमीन के हस्तांतरण को लेकर बनी सहमति के बाद नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नए टर्मिनल निर्माण कार्य को भारी गति मिलने की उम्मीद है।

भारतीय वायु सेना को आवंटित जमीन के एक हिस्से पर अतिक्रमण बना हुआ था लेकिन इस सहमति के चलते अब जमीन को अगले 7 से 10 दिनों के भीतर पूरी तरह खाली कराने की प्रतिबद्धता जताई गई है। जमीन खाली होते ही पूरा भूखंड भारतीय वायु सेना के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

IAF की 27 एकड़ भूमि का विवाद सुलझा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को लेकर बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ हुई बैठक की जानकरी देते हुए बताया कि नागपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के निर्माण के लिए भारतीय वायु सेना की 27 एकड़ भूमि की जरूरत थी।

वायु सेना ने आवश्यक जमीन तत्काल राज्य सरकार को हस्तांतरित करने पर सहमती जताई है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है। बैठक में 9 हेक्टेयर जमीन एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए जल्द उपलब्ध कराने और इसके लिए जरूरी निर्माण अनुमति देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा शेष 18 हेक्टेयर जमीन जून 2028 तक उपलब्ध करा दी जाएगी।

नागपुर एयरपोर्ट के फेज-1 का विकास कार्य जून 2029 से पहले

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार महाराष्ट्र सरकार और जीएमआर नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड नए एयरफोर्स परिसर तक आवश्यक सड़क एवं अन्य कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएंगे, साथ ही नई वायु सेना सुविधाओं का निर्माण पूरा होने तक एयरफोर्स के रोजमर्रा के संचालन में भी आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस सहमति से नागपुर एयरपोर्ट के फेज-1 का विकास कार्य जून 2029 से पहले पूरा करने में मदद मिलेगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

देवेंद्र फडणवीस के मुताबिक एयरपोर्ट के तकनीकी क्षेत्र में भारी मशीनरी की आवाजाही के लिए सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है। इसके लिए अलग मानक कार्यप्रणाली तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेशचंद्र भी मौजूद थे।

बजट आवंटन के साथ निर्माण कार्य शुरू

जीएमआर नागपुर की तरफ से बताया गया कि जैसे ही वायु सेना को अपनी पूरी जमीन का कब्जा मिलेगा वे वहां अपना बजट आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू करेंगे।

इसके बाद जून 2028 से वायु सेना अपनी मौजूदा जमीन को नए एयरपोर्ट टर्मिनल के विस्तार के लिए चरणबद्ध तरीके से सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर देगी। इस फैसले से राज्य सरकार और वायु सेना के बीच का लंबित मुद्दा हल हो गया है।

वायु सेना को अपनी जमीन मिलने के बाद वह नया ढांचा तैयार करेगी जिससे एयरपोर्ट अथॉरिटी को नया और भव्य टर्मिनल बनाने के लिए आवश्यक जमीन बिना किसी रुकावट के उपलब्ध हो जाएगी।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशव्यापी प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी से कांग्रेस ने किया ब्लैक डे का ऐलान

Paytm पेमेंट बैंक का लाइसेंस रद्द! RBI पहले भी कई बैंकों पर ले चुका है एक्शन, जानिए शेड्यूल्ड बैंक का मतलब

17 हजार फीट की ऊंचाई पर IndiGo विमान पर गिरी बिजली, पायलट ने कराई सुरक्षित लैंडिंग

फिल्म हनुमान अंश से कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बढ़ती भीड़ बनी खतरा; भक्तों की सुरक्षा बड़ी चुनौती

दो दिन, दो हिरासत और धरना प्रदर्शन...राहुल गांधी के अभियान में अब आगे क्या? खुद बताया