Nagpur Fire Brigade Rescue: नागपुर के सिविल लाइन्स इलाके में स्थित अहिंसा चौक विधायक निवास लॉ कॉलेज रोड स्थित पर मंगलवार को 20 वर्षीय एक युवक अचानक टॉवर पर चढ़ गया और नीचे आने से इनकार करने लगा।
हालांकि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दल- बल के साथ मौके पर तो पहुंच गई किंतु करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। भारी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित उतारा गया।
जिसके बाद उसे अंबाझरी पुलिस के हवाले किया गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार उन्हें करीब 11.45 बजे अहिंसा चौक पर एक युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिविल फायर स्टेशन से अग्निशमन टीम के साथ अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
अग्निशमन विभाग की टीम दल- बल के साथ मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने देखा कि युवक टॉवर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटीएल (टनटेबल लैडर) की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
नागपुर जिले के उप अग्निशमन अधिकारी मानके, राजुरकर, चालक-यंत्रचालक नयन पेठे, अग्नि कर्मचारी तथा एक पुलिसकर्मी सहित रेस्क्यू टीम ने युवक तक पहुंचने का प्रयास किया किंतु युवक नीचे आने के लिए तैयार नहीं था। नागपुर के दमकलकर्मी जैसे ही उसके करीब पहुंचने का प्रयास करते, वह और ऊपर की ओर चढ़ने लगता। टॉवर पर मौजूद वायरिंग तथा अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण टीटीएल की केज को युवक के बिल्कुल करीब ले जाना भी मुश्किल हो रहा था।
तमाम प्रयासों के बाद फिर एक बार दमकल अधिकारी और कर्मचारी दोबारा टॉवर की और बढ़े। इस दौरान टीटीएल की केज से एक अधिकारी और एक कर्मचारी टॉवर पर पहुंचे, जबकि एक अन्य कर्मचारी टॉवर पर लगी सीढ़ी के रास्ते ऊपर गया।
तीनों कर्मचारियों ने युवक को पकड़ लिया और उसे टीटीएल की केज में सुरक्षित लाया गया। दमकल विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ स्थित बालोद जिले के बोरतारा निवासी किशोर सिन्हा काफी परेशान था। कुछ साथियों के साथ यहां काम के सिलसिले में रह रहा था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था। रात करीब 8 बजे युवक अंबाझरी पुलिस थाने से भागने में सफल हो गया।