Who Is Zeeshan Akhtar Baba Siddique Murder Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी की जघन्य हत्या के बाद उनके बेटे व विधायक जीशान सिद्दीकी को मिल रही जान से मारने की धमकियों के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है।
वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के बाद यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जीशान सिद्दीकी को ऑडियो मैसेज भेजकर धमकी देने वाला व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य वांटेड आरोपी जीशान अख्तर ही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) के अनुसार, जीशान सिद्दीकी के निजी मोबाइल नंबर पर भेजे गए धमकी भरे ऑडियो मैसेज की फोरेंसिक जांच कराई गई। जांच अधिकारियों ने इस ऑडियो क्लिप का मिलान पंजाब पुलिस के पास पहले से मौजूद जीशान अख्तर के वॉयस सैंपल (आवाज के नमूने) से कराया। फोरेंसिक लैब रिपोर्ट में इस बात की शत-प्रतिशत पुष्टि हुई है कि जीशान सिद्दीकी को दो बार ऑडियो क्लिप भेजकर धमकी देने वाला व्यक्ति जीशान अख्तर ही है।
मूल रूप से पंजाब का रहने वाला जीशान अख्तर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शूटरों को हथियार, लॉजिस्टिक्स और वित्तीय सहायता मुहैया कराने का मुख्य सूत्रधार रहा है। शुरुआत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रहने के बाद, अब उसके गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह के साथ मिलकर काम करने की जानकारी सामने आई है।
जांच एजेंसियों को मजबूत अंदेशा है कि वह भारत से भागकर पाकिस्तान या किसी अन्य पड़ोसी मुल्क में छिपा बैठा है और वहीं से इंटरनेशनल वर्चुअल नंबरों के माध्यम से भारत में वसूली व धमकियों का नेटवर्क संचालित कर रहा है।
जीशान अख्तर द्वारा एक सप्ताह के भीतर दो बार ऑडियो मैसेज भेजे जाने के बाद पुलिस ने सिद्दीकी परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया है। अब मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है कि विदेश में बैठे फरार आरोपी के पास जीशान सिद्दीकी का निजी नंबर कैसे पहुंचा और भारत में स्थानीय स्तर पर कौन से गुर्गे उसे तकनीकी या लॉजिस्टिक मदद पहुंचा रहे हैं।