मुंबई शहर के जियो वर्ल्ड सेंटर में 18 से 20 दिसंबर तक सम्मेलन होगा।
इस आयोजन में 60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे।
पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो में 45 से अधिक सत्र और 150 वक्ता होंगे।
World Hindu Congress Mumbai: दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले हिंदुओं को एक साझा मंच पर लाने और उनके बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन मुंबई में होने जा रहा है।
18 से 20 दिसंबर तक बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
वर्ल्ड हिंदू फाउंडेशन के प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महासचिव और वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रणेता स्वामी विज्ञानानंद महाराज से बातचीत में आयोजन की रूपरेखा, इसके उद्देश्य और वैश्विक स्तर पर हिंदू समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का मूल विचार दुनिया भर के हिंदुओं को साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प के जरिए जोड़ना है। अलग-अलग देशों में काम कर रहे हिंदू संगठनों, उद्यमियों, शिक्षाविदों, विचारकों और पेशेवरों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
इस बार सम्मेलन की थीम 'समानं व्रतं सह चित्तम्' रखी गई है, जिसका भाव साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प है। आयोजन के दौरान अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला सशक्तीकरण, युवा और हिंदू संगठनों जैसे सात प्रमुख विषयों पर अलग-अलग सम्मेलन होंगे। इसके अतिरिक्त धर्म, समाज, भाषा और विश्वकर्मा से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, मुंबई शहर में आयाजित इस सम्मेलन में तीन दिनों में 45 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें 150 से ज्यादा वक्ता अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन में पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो भी लगाया जाएगा। इसके जरिए विभिन्न देशों के कारोबारियों, उद्योगपतियों और संस्थाओं को नेटवर्किंग तथा व्यावसायिक सहयोग का अवसर देने की योजना है।
स्वामी विज्ञानानंद महाराज का कहना है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हिंदू समाज ने शिक्षा, तकनीक, व्यापार और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। ऐसे में इन उपलब्धियों को साझा करने, समस्याओं पर चर्चा करने और भविष्य के लिए सामूहिक पहल विकसित करने की जरूरत है। उनके मुताबिक, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर संवाद और सहयोग का मंच है।
गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का पहला आयोजन 2014 में दिल्ली में हुआ था। इसके बाद 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में सम्मेलन आयोजित किया गया। अब चौथे संस्करण की मेजबानी मुंबई करने जा रही है।