मुंबई लोकल (सौ. सोशल मीडिया ) 
मुंबई

Mumbai Local Trains में 25% क्षमता बढ़ेगी, वेस्टर्न रेलवे ने तेज किया विस्तार कार्य

Mumbai News: अंधेरी-बांद्रा सेक्शन में प्लेटफॉर्म विस्तार तेज होने से जल्द 15-कोच लोकल चलेंगी। 25% अधिक क्षमता के साथ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और बीकेसी की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

अपूर्वा नायक

Andheri Bandra Platform Extension: वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेन यात्राओं में बड़ा बदलाव शुरू हो गया है। अंधेरी-बांद्रा सेक्शन में प्लेटफॉर्म विस्तार का काम तेज गति से चल रहा है, जिससे आने वाले महीनों में 15-कोच लोकल ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।

फिलहाल खार रोड स्टेशन पर कार्य शुरू हो चुका है, जबकि बांद्रा, सांताक्रूज और विलेपार्ले स्टेशनों पर काम जल्द आरंभ होगा। यह परियोजना मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अधिकारी बताते हैं कि प्लेटफॉर्म विस्तार के साथ सिग्नल पोल, ओएचई केबल और ट्रैक लोकेशन में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। इन संशोधनों के बाद अंधेरी से बांद्रा तक 15 कोच ट्रेनों का संचालन संभव होगा।

लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत

अभी इस सेक्शन में 15 कोच लोकल नहीं चल पातीं क्योंकि प्लेटफॉर्म की लंबाई पर्याप्त नहीं है। वेस्टर्न रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह काम मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। काम, पूरा होते ही अंधेरी-विरार स्लो कॉरिडोर को बांद्रा तक बढ़ाया जा सकेगा, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। बांद्रा स्टेशन प्रतिदिन 4-5 लाख यात्रियों का फुटफॉल संभालता है और लंबे रेक यहां भीड़ प्रबंधन को मजबूती देंगे।

रेलवे प्लेटफॉर्म का काम जारी (फोटो नवभारत)

क्या होगी क्षमता?

  • प्लेटफॉर्म विस्तार स्टेशन: विले पार्ले, खार रोड, सांताक्रूज, बांद्रा
  • 15-कोच क्षमता: 4,380 यात्री
  • 12-कोच क्षमता: 3,504 यात्री
  • क्षमता वृद्धि: 25%
  • कुल 15-कोच सेवाएं : 211
  • स्लो कॉरिडोर सेवाएं: 112
  • दैनिक अतिरिक्त क्षमता: 75,000 – 1,00,000 यात्री
  • बांद्रा फुटफॉल: 4–5 लाख प्रतिदिन

लोकल का सफर अब और आरामदायक होगा

अधिकारी मानते हैं कि 15-कोच रेक के संचालन से भीड़ में उल्लेखनीय कमी आएगी। एक 12-कोच लोकल में 3,504 यात्री आते हैं, जबकि 15-कोच रेक 4,380 यात्रियों को समायोजित कर सकता है। यानी 25% अतिरिक्त क्षमता।

इससे पीक ऑवर में भारी भीड़ का दबाव कम होगा और रेलगाड़ियां अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनेगी। वर्तमान में चर्चगेट-विरार रूट पर स्लो और फास्ट दोनों कॉरिडोर मिलाकर 211 सेवाएं 15-कोच रेक से चलाई जाती है।

इनमें से केवल 112 सेवाएं स्लो कॉरिडोर पर है और इनका संचालन अभी अंधेरी तक ही सीमित है। प्लेटफॉर्म विस्तार पूरा होने के बाद बांद्रा-अंधेरी सेक्शन की सभी 12-कोच स्लो सेवाओं को 15-कोच में परिवर्तित किया जाएगा। इससे प्रति दिन 75, 000 से 1 लाख यात्रियों की अतिरिक्त वहन क्षमता उपलब्ध होगी।

बीकेसी की कनेक्टिविटी मजबूत होगी

रेल यात्री संगठन के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कहा कि लंबे रेक से पीक-ऑवर भीड़ में उल्लेखनीय कमी आएगी, यात्री अधिक आराम से चढ़-उतर सकेंगे और दुर्घटना का खतरा भी कम होगा। उन्होंने कहा कि इससे मुंबईकरों की दैनिक यात्रा और सुरक्षित तथा सुगम बनेगी। वेस्टर्न रेलवे का यह कदम न केवल भीड़ घटाएगा बल्कि बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत करेगा।

मुंबई के लिए नवभारत लाइव से अभिषेक पाठक की रिपोर्ट

श्रमिकों की सुविधा के लिए EPFO ने शुरू किया WhatsApp चैनल, एक क्लिक में हर छोटी जानकारी

DUSU Election Result 2026 LIVE: ABVP को बड़ा झटका! DUSU रिजल्ट में विजय मीणा आगे, यश डबास पीछे; हर अपडेट यहां

शराबबंदी से बढ़ता है जहर का व्यापार! सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र का पुराना नियम रद्द कर कही यह बात

PM नरेंद्र मोदी ने 51,000 से ज्यादा युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- FTA से खुल रहे करियर के नए अवसर

तीन कंपनियों में सेंधमारी की Google Gemini, टेस्ट के दौरान चौकाने वाले दावे