अक्टूबर में भारत का सोयमील निर्यात 7.4% बढ़कर 1.75 लाख टन पहुंचा।
अक्टूबर में सोयमील उत्पादन 5% घटकर 7.90 लाख टन रहा।
SOPA ने 2026-27 में सोयाबीन उत्पादन 108 लाख टन रहने का अनुमान जताया।
महाराष्ट्र के कीर्ति प्लांटों में भाव 7,800–7,850 रुपये प्रति क्विंटल बताए जा रहे हैं।
SOPA Report Soybean Mandi Bhav Maharashtra: देश के सोयाबीन बाजार में पिछले दिनों आई तेजी के बीच सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SOPA) की नई रिपोर्ट ने बाजार की दिशा को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर में भारत से सोयमील का निर्यात 7.4 प्रतिशत बढ़कर 1.75 लाख टन पहुंच गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 1.63 लाख टन था।
दूसरी ओर, सोयमील उत्पादन में 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 7.90 लाख टन रह गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में सोयाबीन की कीमतों में तेजी का नया दौर देखने को मिलेगा?
SOPA ने वर्ष 2026-27 के लिए देश में सोयाबीन उत्पादन 108 लाख टन रहने का अनुमान जताया है, जबकि पिछले वर्ष यह 110 लाख टन था। यानी उत्पादन में करीब 1.8 प्रतिशत की कमी संभावित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बीज और घरेलू उपयोग के लिए सोयाबीन की खपत बढ़ने से तेल एवं खल बनाने वाली प्रोसेसिंग मिलों के लिए उपलब्धता 106 लाख टन से घटकर 102 लाख टन रह सकती है। उत्पादन और प्रोसेसिंग के लिए उपलब्धता घटने का अनुमान के साथ महाराष्ट्र में 8,000 का स्तर अहम माना जा रहा है।
सोयाबीन बाजार अक्टूबर में देश की मंडियों में सोयाबीन की आवक पिछले साल के 15 लाख टन से बढ़कर 20 लाख टन रही।
इसमें 33.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पुराना बचा स्टॉक भी 7.66 लाख टन से बढ़कर 8.31 लाख टन पहुंच गया। इसके बावजूद पूरे सीजन में प्रोसेसिंग के लिए उपलब्धता कम रहने का अनुमान बाजार में मजबूती की एक बड़ी वजह बन रहा है।
पूरे सीजन के लिए SOPA ने सोयमील उत्पादन 83.30 लाख टन से घटकर 80.60 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है। वहीं निर्यात 10 लाख टन से घटकर 6 लाख टन रह सकता है।
यानी निर्यात में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट संभावित है। हालांकि, घरेलू स्तर पर पोल्ट्री और पशु आहार उद्योग की मांग सोयमील बाजार को सहारा दे रही है।
महाराष्ट्र राज्य के कीर्ति प्लांटों में सोयाबीन के भाव फिलहाल ₹7,800 से ₹7,850 प्रति क्विंटल के आसपास बताए जा रहे हैं। बाजार के मौजूदा आकलन में ₹8,000 का स्तर महत्वपूर्ण प्रतिरोध माना जा रहा है।
कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश भाई ठक्कर के अनुसार यदि प्लांटों की खरीद मजबूत रहती है और भाव ₹8,000 के ऊपर टिकते हैं, तो आगे तेजी की संभावना बन सकती है। हालांकि, ऊंचे भावों पर किसानों की बिकवाली बढ़ने, मंडियों में आवक तेज होने और सोयमील निर्यात में संभावित कमी से तेजी पर दबाव भी आ सकता है।
कुल मिलाकर उत्पादन और प्रोसेसिंग के लिए उपलब्धता में गिरावट सोयाबीन के लिए सकारात्मक संकेत हैं, लेकिन वास्तविक कीमतों की दिशा घरेलू मांग, सोया तेल के भाव, प्लांटों की खरीद और आगामी आवक पर निर्भर करेगी।