नितेश राणे, विमान सेवा  सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई-कोंकण के बीच शुरू होगी नियमित हवाई सेवा, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार; नितेश राणे की घोषणा

Mumbai Flight Service: 16 नवंबर से सिंधुदुर्ग के चिपी एयरपोर्ट और नवी मुंबई के बीच रोजाना विमान सेवा शुरू होगी। मंत्री नितेश राणे ने की बड़ी घोषणा।

सूर्यप्रकाश मिश्र, रूपम सिंह

Highlights

  • 16 नवंबर से चिपी-नवी मुंबई के बीच रोजाना विमान सेवा शुरू।

  • फ्लाय 91 सप्ताह के सातों दिन संचालित करेगी उड़ान।

  • हवाई सेवा से सिंधुदुर्ग के पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद।

Sindhudurg To Navi Mumbai Flight Service: महाराष्ट्र के तटवर्ती सिंधुदुर्ग जिले के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलने वाली है। 16 नवंबर से सिंधुदुर्ग के चिपी एयरपोर्ट और नवी मुंबई के बीच नियमित विमान सेवा शुरू होगी।

यह उड़ान सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। जिले के पालकमंत्री एवं राज्य के शिपिंग मंत्री नितेश राणे ने इसकी घोषणा की। इस सेवा के शुरू होने से मुंबई और सिंधुदुर्ग के बीच आवागमन आसान होने के साथ पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रोजाना मिलेगी हवाई यात्रा की सुविधा

नितेश राणे के मुताबिक, फ्लाय 91 एयरलाइन की नियमित उड़ान सिंधुदुर्ग के लिए महत्वपूर्ण शुरुआत है। अब पर्यटक नवी मुंबई से सीधे हवाई मार्ग के जरिए जिले तक पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा और अधिक पर्यटक सिंधुदुर्ग का रुख कर सकेंगे। होटल, परिवहन, टूर गाइड और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को इसका फायदा मिलने की संभावना है। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

1999 में पर्यटन जिले का मिला था दर्जा

राणे ने बताया कि वर्ष 1999 में तत्कालीन मंत्री नारायण राणे ने सिंधुदुर्ग को पर्यटन जिला घोषित करने का निर्णय लिया था। इसके पीछे खेती और मछली पालन के साथ पर्यटन को भी जिले की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार बनाने की सोच थी। इसी उद्देश्य से चिपी-वेंगुर्ला में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) के माध्यम से एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया था।

सुविधाओं के विकास पर सरकार का जोर

चिपी एयरपोर्ट पर तकनीकी और अन्य समस्याओं के कारण पहले विमान सेवाएं बंद हो गई थीं। पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने एयरपोर्ट को विकसित करने पर जोर दिया। एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली सड़क, बिजली आपूर्ति और नाइट लैंडिंग जैसी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए गए। विमान सेवाओं को लंबे समय तक जारी रखने के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) देने का भी निर्णय लिया।

ताज होटल परियोजनाओं से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

नितेश राणे ने कहा कि वेंगुर्ला के वेळाघर और देवगढ़ में प्रस्तावित ताज होटल परियोजनाएं भी जिले के पर्यटन विकास में अहम भूमिका निभाएंगी। नियमित विमान सेवा और होटल परियोजनाओं के जरिए सिंधुदुर्ग को महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की योजना है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा

गोधरा कांड: CBI के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना का दावा- लालू यादव मुझे चाहते थे फंसाना

दिल्ली AIIMS ने रचा इतिहास, मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन

तेलंगाना में गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का हेल्थ कवर; राहुल गांधी ने लॉन्च की योजना

जवाहरलाल नेहरू जेल में किस जानवर से डरते थे? भय से बिस्तर छोड़कर भाग जाते थे