Sanjay Raut Target PM Modi And RSS: शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भाजपा और संघ के खिलाफ दिए गए 'जोकर' वाले बयान का समर्थन करते हुए राउत ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए।
संजय राउत ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के अहंकार पर तंज कसते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे देश के युवाओं और छात्रों ने सत्ता के अहंकार को चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश को कोई वास्तविक उपलब्धि हासिल नहीं हुई है। राउत ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश को कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।
संजय राउत ने RSS पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर आरएसएस अपने आप को राष्ट्रभक्त संगठन मानता है, तो सबसे पहले मोहन भागवत को दिल्ली में आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी चाहिए और पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की पोल खोलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह संघ प्रमुख मोहन भागवत की भी जिम्मेदारी है कि देश में जो चल रहा है उसके खिलाफ आवाज उठाएं।
बता दें कि राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस को 'जोकर' कहा था। इसे लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल ने तंज कसते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी का गले मिलना ही विदेश नीति जैसा है।
इस पर संजय राउत ने कहा कि यह विदेश नीति पीएम मोदी की है, देश की नहीं है। देश की विदेश नीति बीते दस साल में खत्म हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं, वहां जोर से गले मिलते हैं। संजय राउत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि एक-दो विदेशी राष्ट्रों के राष्ट्रपति की तो सांसें तक थम गई थी।
वहीं, उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 50 लाख रुपए की सौगात देने पर संजय राउत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सब आगामी विधानसभा चुनाव की वजह से हो रहा है। इससे पहले हमने बिहार में भी देखा था कि विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 10-10 हजार रुपए दिए गए थे जबकि महाराष्ट्र में चुनाव से पहले 1,500-1,500 रुपए दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सब चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
संजय राउत के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। भाजपा की ओर से अब तक संजय राउत के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।