संजय राउत ने NCP के विलय की अटकलों को खारिज किया।
संजय राउत बोले शरद पवार किसी भी हालत में बीजेपी के साथ नहीं जा सकते।
संजय राउत ने भाजपा पर साधा निशाना।
Sanjay Raut Statement On Sharad Pawar: महाराष्ट्र में इन दिनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों की गुटों के विलय की चर्चाएं तेज हो गई है। शरद पवार और सुनेत्रा पवार के गुटों के विलय और शरद पवार के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चल रही अटकलों पर शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने बयान देकर राजनीतिक चर्चाओं का रुख मोड़ दिया है।
शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैंने कई बार कहा है कि विलय की चर्चा खत्म हो चुकी है। आप लोग इसे इतना महत्व क्यों दे रहे हैं? किसी भी हाल में अजित पवार का गुट शरद पवार की मूल पार्टी में विलय नहीं करेगा।
संजय राउत ने दावा किया शरद पवार कभी भी BJP के साथ नहीं जा सकते। वे अपनी आखिरी सांस तक ऐसा नहीं करेंगे। उनकी विचारधारा बिल्कुल अलग है। संजय राउत ने कहा कि शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन शाहू, फुले और आंबेडकर की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा का पालन करते हुए बिताया है।
उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने शरद पवार के राजनीतिक सफर पर बात करते हुए कहा कि क्या उनसे यह उम्मीद की जा सकती है कि वे अपने जीवन के इस पड़ाव पर BJP में शामिल हो जाएंगे? ऐसा सोचना भी शर्मनाक है। BJP ही इस तरह की बातें फैला रही है और उन्हें बढ़ावा दे रही है। और कौन ऐसा कर रहा है?
बता दें कि पिछले कुछ दिनों ने महाराष्ट्र में शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले दोनों गुटों के विलय को लेकर राजनीति गर्माई हुई है। पिछले दिनों अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मिलने के लिए सुनेत्रा पवार गुट के सांसद प्रफुल पटेल पहुंचे थे। इसके बाद विलय की चर्चाओं को बल मिला था।
इधर शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित दादा के गुजर जाने के बाद से ही मैंने इस चर्चा को पूरी तरह से रोक दिया है। उनके निधन के साथ ही यह विषय तभी समाप्त हो गया था। जब अजीत पवार जीवित थे, तब इस बारे में चर्चा जरूर हुई थी. दादा ने मुझसे और पार्टी के अन्य नेताओं से भी बात की थी।