Rohit Pawar Ends Hunger Strike News: किसान कर्ज माफी को लेकर अनशन पर बैठे राकांपा (एसपी) विधायक रोहित पवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस के दूत गिरीश महाजन मनाने में सफल हुए हैं। महाजन की मध्यस्थता में मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक निर्णय लेने के आश्वासन के बाद सोमवार को रोहित ने अनशन खत्म कर दिया।
हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 22 जून तक हल नहीं निकाला तो वे फिर उग्र आंदोलन छेड़ेंगे। मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचकर रोहित को मनाया। महाजन के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद रोहित ने अपना अनशन खत्म करने का निर्णय लिया।
महाजन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ फोन पर बातचीत कराई। मुख्यमंत्री ने मसले का हल निकालने के लिए 22 जून को बैठक बुलाने का आश्वासन दिया है। रोहित ने स्पष्ट किया है कि यदि 22 जून की बैठक में समाधान नहीं निकला, तो सरकार के खिलाफ वे फिर सड़क पर उतरेंगे।
महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्ज माफी यौजना में शामिल दो शतों ओटीएस और लैंडहोल्डिंग की सीमा को हटाने की मांग को लेकर रोहित पवार पिछले तीन दिनों से अन्न त्याग आंदोलन कर रहे थे। इस बीच उनका शुगर लेवल भी बढ़ गया था। मंत्री महाजन की मध्यस्तता के बाद आखिरकार उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया है।
ये भी पढ़ें :- ‘मैंने पहले ही CM फडणवीस को बताया था…’ अभिजीत दीपके पर हमले के बाद रोहिणी खडसे का बड़ा दावा
अब किसानों और राजनीतिक हलकों की नजर 22 जून को होने वाली बैठक पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कर्जमाफी योजना की शर्तों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। यदि सरकार किसानों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाती है, तो लंबे समय से चल रही इस मांग का समाधान निकल सकता है।