

Maharashtra 5 Trillion Dollar Economy Vision News: गुरुवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक का आयोजन, किया गया।
इस मीटिंग के दौरान महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने वर्ष 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करने को लेकर पॉवरफुल प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महाराष्ट्र का योगदान अहम होगा।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में हम सभी वर्ष 2047 तक 'भारत को एक विकसित राष्ट्र' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हम सभी के निरंतर, अथक और सामूहिक प्रयासों से ही इस दूरदर्शी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
सीएम फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की क्षमता को देखते हुए इसे देश का आर्थिक पावर हाउस माना जाता है। हाल के दिनों में महाराष्ट्र ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति देखी है। मानव संसाधन ही हमारे राज्य की सबसे अमूल्य संपत्ति है।
सड़कें, बंदरगाह, उद्योग और अत्याधुनिक तकनीक केवल अवसरों का निर्माण करते हैं परंतु एक शिक्षित, कुशल, स्वस्थ और सशक्त नागरिक ही इन अवसरों को वास्तविक प्रगति में परिवर्तित करता है।
हमने हाल ही में विकसित महाराष्ट्र 2047 विजन डॉक्यूमेंट प्रकाशित किया है। राज्य समयबद्ध तरीके से सभी 'सतत विकास लक्ष्यों' को प्राप्त करने के साथ साथ महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए संपूर्ण जनसंख्या के लिए पर्याप्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।