राज ठाकरे द्वारा जारी किए गए वीडियो के द्श्य सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

राज ठाकरे ने रद्द किया MNS का दीपोत्सव, कहा- सूखे के कारण हमारे भाई-बहन रो रहे हैं, हम जश्न कैसे मनाएं

Raj Thackeray MNS Deepotsav Cancel: महाराष्ट्र में भीषण सूखे के संकट को देखते हुए मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शिवाजी पार्क के भव्य दीपोत्सव को इस साल न मनाने का फैसला लिया है।

आकाश मसने

Highlights

  • मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित होने वाला MNS का दीपोत्सव इस साल रद्द।

  • राज ठाकरे ने आतिशबाजी न करने और सादगी से दिवाली मनाने की अपील की।

  • राज ठाकरे ने फिजूलखर्ची से परहेज करने को कहा।

Raj Thackeray Video Message For Diwali: त्योहारों का मौसम शुरू होते ही पूरे राज्य के बाजार दुल्हन की तरह सज चुके हैं और लोग दिवाली की खरीदारी में व्यस्त हैं। लेकिन खुशियों की इस चमक के पीछे महाराष्ट्र एक त्रासदी का सामना कर रहा है। राज्य का एक बहुत बड़ा हिस्सा इस समय भीषण सूखे की चपेट में है। जहां एक तरफ शहरों में जगमगाहट की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों में पानी की एक-एक बूंद के लिए हाहाकार मचा हुआ है।

राज ठाकरे ने दीपोत्सव रद्द करने का ऐलान किया

ऐसे में संवेदनशीलता की नजीर पेश करते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने एक बहुत बड़ा और भावुक फैसला लिया है। मुंबई के दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में MNS द्वारा हर साल आयोजित किया जाने वाला भव्य दीपोत्सव इस साल नहीं मनाया जाएगा। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर इस बात की आधिकारिक घोषणा की।

जब अपने तकलीफ में हों, तो जश्न कैसा?

वीडियो संदेश जारी करते हुए मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने सीधे जनता के दिलों को छुआ। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र इस वक्त बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है। ग्रामीण इलाकों में जलसंकट गहरा गया है। जब हमारे राज्य के भाई-बहन, किसान और उनके छोटे-छोटे बच्चे सूखे की वजह से भूख और प्यास से तड़प रहे हों, ऐसे में हमारा यहां इतने बड़े पैमाने पर उत्सव और जश्न मनाना क्या सही लगता है? उनके दिलों पर क्या बीतेगी?

उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी पार्क का दीपोत्सव हर साल मुंबई और ठाणे ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। वहां की भव्य रोशनी और आतिशबाजी देखने लाखों लोग जुटते हैं। लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए ऐसा कोई भी शक्ति प्रदर्शन या तमाशा करना अनुचित होगा।

सरकार पर निशाना और जनता से विशेष गुजारिश

राज ठाकरे ने अपनी बात रखते हुए सत्ताधारियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद मान चुके हैं कि यह सूखा 1972 के ऐतिहासिक सूखे से भी ज्यादा खतरनाक होने वाला है। इसके बावजूद सत्ता में बैठे लोग हालात की गंभीरता को न समझकर गरबा और अन्य आयोजनों में व्यस्त रहे।

दिवाली मनाने को लेकर राज ठाकरे का संदेश

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि वे किसी के खिलाफ काली दिवाली मनाने का आह्वान नहीं कर रहे हैं, बल्कि संयम बरतने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि हम महाराष्ट्र से प्यार करने वाले नागरिक हैं। इसलिए इस साल अत्यधिक सजावट और पटाखे जलाने से बचें।

राज ठाकरे ने कहा कि आप घरों में पारंपरिक दीये जरूर लगाएं, अपनों के साथ दिवाली का नाश्ता बांटें, लेकिन फिजूलखर्ची और आतिशबाजी से परहेज करें। उम्मीद है कि अगले साल तक हालात बेहतर होंगे और हम फिर से पूरे उत्साह के साथ दीपोत्सव मनाएंगे। अंत में राज ठाकरे ने सभी को उनके परिवार और पार्टी की तरफ से दिवाली की शुभकामनाएं दी।

CRPF का 47 साल बाद रिकॉर्ड, 12 महीने में ऑपरेशन के दौरान नहीं गई किसी जवान की जान; जानें वजह

पंजाब चुनाव से पहले ED की गतिविधि तेज, AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के घर पर रेड, मोगा में 2 ठिकानों पर तलाशी

केरल, तमिलनाडु सहित देश के कई हिस्सों में ED की कार्रवाई! 11 ठिकाने पर एक्शन में जांच एजेंसी को क्या मिला?

मिग-29, मिराज और जगुआर की विदाई से बढ़ेगी चुनौती, जानिए क्यों भारत को हर साल चाहिए 40 नए लड़ाकू विमान

Indian Railway: 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म, यूपी-बिहार के ट्रेनों का किराया होगा सस्ता, देखें लिस्ट