NEET UG 2026 Exam Security: शिक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले उच्च शिक्षा विभाग ने 3 मई को होने वाले नीट यूजी 2026 परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।
शिक्षा मंत्रालय ने नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) को सभी मेडिकल कॉलेजों को 2 और 3 मई को मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की छुट्टियां कैंसिल करने का निर्देश दिया है।
नीट यूजी देश में एमबीबीएस, बीडीएस और दूसरे मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए होने वाली सबसे जरूरी नेशनल परीक्षा है। हर साल लाखों विद्यार्थी इस परीक्षा में बैठते हैं, इसलिए इसकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता बहुत जरूरी है।
पिछले कुछ सालों में अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की घटनाएं सामने आई थीं। इसलिए, इस साल शिक्षा मंत्रालय ने सख्त कदम उठाए हैं। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से एक लेटर जारी करके सभी मेडिकल कॉलेजों को परीक्षा प्रक्रिया में विश्वसनीयता और सिक्योरिटी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
इस लेटर की एक कॉपी एनएमसी ने देश के सभी मेडिकल कॉलेजों को भेज दिया है। इसमें नीट यूजी परीक्षा के आयोजन के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।