NEET Paper Leak Delhi Protest Uddhav Thackeray Delhi Visit: नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपाई सरकार के खिलाफ देशभर में आक्रोश भड़क उठा है। देश भर में सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। छात्रों और विरोधी दलों के प्रदर्शन के कारण खासकर दिल्ली जंग का मैदान बन गई है। आंदोलन के दौरान महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के साथ हुई पुलिसिया सख्ती की तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिल्ली पहुंचकर आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात की और सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि 'बेटियों के कपड़े फाड़े गए, बीजेपी का ये कैसा हिंदुत्व है?' महिलाओं और छोटी बच्चियों के साथ हुए पुलिस बल प्रयोग पर उद्धव बेहद आक्रामक नजर आए।
उन्होंने कहा कि एक युवा लड़की के कपड़े फाड़े जाने की घटना किसी भी संस्कृति से मेल नहीं खाती। सत्ता में बैठे लोगों को बहुमत का अहंकार हो गया है, लेकिन इस अहंकार को चूर करने में जनता को देर नहीं लगेगी। युवा लड़कियों और महिलाओं के साथ ऐसे व्यवहार के लिए हमारी संस्कृति में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने इसे 'रावण संस्कृति' करार दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्र सरकार जिस बेरहमी से आंदोलनकारी युवाओं और महिलाओं के साथ पेश आ रही है, वह किसी भी लोकतंत्र की निशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश में जो गुस्सा दिख रहा है, वह अचानक नहीं है, बल्कि पिछले 12 वर्ष से जमा असंतोष अब बाहर निकल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी 'मन की बात' तो लोगों पर थोपती है, लेकिन जनता की 'जन की बात' सुनने को तैयार नहीं है।
यह भी पढ़ें:- Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में आज कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट, जानें आपके शहर के मौसम का मिजाज
दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार से जवाब मांग रहे हैं। वहीं सत्तापक्ष अपने रुख पर कायम है। ऐसे में NEET पेपर लीक विवाद अब केवल परीक्षा प्रणाली तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।