विद्यार्थियों का संघर्ष, हमारा संघर्ष: NEET मुद्दे व दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ नागपुर कांग्रेस का प्रदर्शन

Congress Protest Nagpur: दिल्ली छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में नागपुर में कांग्रेस ने राजभवन के सामने प्रदर्शन किया। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी।
Students' struggle, our struggle: Nagpur Congress protests against the NEET issue and repressive actions.
नागपुर कांग्रेस प्रदर्शन,(नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Jantar Mantar Protest Row: नागपुर दिल्ली के जंतर-मंतर में विद्यार्थियों के चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन में दिल्ली पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज की आंच सिटी तक भी पहुंच गई है। राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ शहर कांग्रेस ने अध्यक्ष प्रफुल गुडधे के नेतृत्व में राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

गुडधे ने कहा कि विद्यार्थियों का संघर्ष, हमारा संघर्ष है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्र-छात्राओं की आवाज को दबाने के लिए केन्द्र सरकार ने जो दमन की कार्रवाई की वह लोकतंत्र की हत्या है। इस अवसर पर मांग की गई कि केंद्र सरकार विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी न करे और उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय ले।

आंदोलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, एनएसयूआई, युवक कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक नागरिक शामिल हुए। राजभवन के सामने प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों को सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान भी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा उनके न्यायोचित अधिकारों की मांग सरकार तत्काल पूरी करे। विद्यार्थियों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

बर्बरता निंदनीय : कोटेचा

दिल्ली में पीएम आवास के बाहर कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ हुई पुलिसिया बर्बरता की प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अतुल कोटेचा ने घोर निंदा की है।

कोटेचा ने इसे शर्मनाक बताते हुए लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि अब आगे भले ही लाठियां टूट जाएंगी, जुल्म की दीवारें ढह जाएंगी लेकिन सच की आवाज कभी नहीं दबेगी। हम छात्रों के समर्थन में हैं और इसीलिए इस जुल्मी सरकार के सामने हम कभी झुकेंगे नहीं.... रुकेंगे नहीं...., डरेंगे नहीं...लोकतंत्र को कुचलने वालों के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी है और जारी रहेगा।

दिल्ली के जनरल कायर : दुबे

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में पीएम आवास के बाहर कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ हुई पुलिसिया बर्बरता की प्रदेश कांग्रेस के महासचिव संजय दुबे ने घोर निंदा की है। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए जालियांवाला बाग के जनरल डायर की तरह दिल्ली के जनरल कायर करार दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर अब केंद्र सरकार बर्बरता करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com