वर्ली जेट्टी पर बनेगा हेलिपैड, बीएमसी स्थायी समिति की मंजूरी।
रेमंड लिमिटेड 15 साल तक करेगी संचालन और रखरखाव।
निर्माण और संचालन पर बीएमसी का खर्च नहीं होगा।
मनपा को हर महीने ₹1 लाख निश्चित भुगतान मिलेगा।
कमाई का 50% या न्यूनतम ₹4 लाख, जो अधिक हो, बीएमसी को मिलेगा।
आपदा, अग्निशमन और बचाव कार्यों में भी हेलिपैड का इस्तेमाल होगा।
Mumbai Worli Jetty Helipad Project: मुंबई के समुद्री किनारे स्थित वर्ली जेट्टी का इस्तेमाल अब हेलिकॉप्टरों की लैंडिंग और टेक ऑफ के लिए किया जाएगा। बीएमसी ने वर्ली जेट्टी को हेलीपैड के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
बीएमसी की स्थायी समिति ने इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने और इसके संचालन की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत मेसर्स रेमंड लिमिटेड अगले 15 वर्षों तक हेलीपैड का संचालन और रखरखाव करेगी।
इस परियोजना से एक ओर मुंबई में हेलीकॉप्टर सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं दूसरी ओर मनपा के लिए राजस्व का नया स्त्रोत भी तैयार होगा। परियोजना की खास बात यह है कि इसके विकास और संचालन पर बीएमसी को अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। जेट्टी को हेलीपैड में बदलने, जरूरी बुनियादी सुविधाएं तैयार करने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी संबंधित निजी कंपनी की होगी।
कंपनी को मौजूदा जेट्टी 'जैसी है, जहां है' के आधार पर सौंपी जाएगी। इसके बाद हेलिकॉप्टरों के सुरक्षित संचालन के लिए जरूरी बदलाव और निर्माण कार्य करने होंगे। साथ ही नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से आवश्यक अनुमति और मंजूरियां प्राप्त करने की जिम्मेदारी भी कंपनी की होगी।
वर्ती जेट्टी पर प्रस्तावित हेलीपैड का उपयोग केवल व्यावसायिक उड़ानों के लिए नहीं किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्राकृतिक आपदाओं, अग्निशमन, बचाव अभियान और अन्य सार्वजनिक जरूरतों के दौरान हेलिकॉप्टरों को यहां से संचालित करने की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान रखा गया है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को भी इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए संबंधित सरकारी और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा।
इस परियोजना से बीएमसी को आर्थिक फायदा पहुंचाने के लिए भुगतान की विशेष शर्तें रखी गई है। रेमंड लिमिटेड को मनपा को हर महीने एक लाख रुपये का निश्चित भुगतान करना होगा, इसके अलावा व्यावसायिक हेलीकॉप्टर की लैंडिग और टेकऑफ से होने वाली मासिक कमाई का 50 प्रतिशत या न्यूनतम चार लाख रुपये, दोनों में से जो राशि अधिक होगी, वह मनपा को देनी होगी। यानी हेलीपैड का व्यावसायिक इस्तेमाल बढ़ने पर बीएमसी की कमाई भी बढ़ सकती है।
प्रस्ताव के अनुसार, हेलीपैड के निर्माण से लेकर उसके संचालन और रखरखाव तक का पूरा आर्थिक भार निजी कंपनी उठाएगी। परियोजना में किसी तरह का आर्थिक नुकसान होने पर भी मुंबई बीएमसी की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।
मनपा की भूमिका संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और जरूरी प्रशासनिक मंजूरियों की प्रक्रिया में सहयोग तक सीमित रहेगी। इस तरह निजी निवेश के माध्यम से मनपा अपनी मौजूदा संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग कर सकेगी।