Mumbai Train Blasts 20th Anniversary Tribute: आज से ठीक 20 साल पहले, यानी 11 जुलाई 2006 को सपनों की नगरी मुंबई का दिल दहल उठा था। जब शाम के वक्त लोग अपने दफ्तरों से घर लौट रहे थे, तब वेस्टर्न रेलवे की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे। आज उस खौफनाक और दुखद हादसे की 20वीं बरसी है। इस मौके पर पूरा मुंबई एक बार फिर भावुक नजर आया और वेस्टर्न रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर उस त्रासदी में जान गंवाने वाले मासूमों को याद कर श्रद्धांजलि दी गई।
वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों और आम नागरिकों ने मिलकर माहिम रेलवे स्टेशन पर एक विशेष श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। यहां रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ितों के स्मारक पर फूल और मालाएं अर्पित कीं। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। शहीदों और पीड़ितों के सम्मान में स्टेशन पर कुछ पल का मौन भी रखा गया।
यह श्रद्धांजलि केवल एक स्टेशन तक सीमित नहीं थी। मुंबई के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी लोगों का दर्द छलक उठा।
क्या मुंबई लोकल सिलसिलेवार ब्लास्ट?11 जुलाई 2006 का वो काला दिन कोई नहीं भूल सकता। शाम के वक्त जब मुंबई अपनी रफ्तार से दौड़ रही थी, तभी महज 11 मिनट के भीतर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें बम धमाकों से दहल उठीं। पश्चिम रेलवे (Western Railway) रूट पर शाम करीब 6:20 बजे से धमाकों का सिलसिला शुरू हुआ था। शाम के व्यस्त समय के दौरान लगभग 11 मिनट के भीतर लोकल ट्रेनों में एक के बाद एक 7 विस्फोट हुए थे।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र खत्म, अब 7 दिसंबर से नागपुर में होगा शीतकालीन सत्र, देखें रिपोर्ट कार्ड
चर्चगेट से छूटने वाली अलग-अलग लोकल ट्रेनों के प्रथम श्रेणी के डिब्बों को निशाना बनाया गया था। ये खौफनाक विस्फोट माटुंगा, माहिम, बांद्रा, खार, जोगेश्वरी, बोरीवली और मीरा रोड स्टेशनों पर खड़े या गुजर रही ट्रेनों में हुए थे। पीक ऑवर्स होने के कारण ट्रेनों में भारी भीड़ थी। वेस्टर्न लाइन पर हुए इस आतंकी हमले में 189 लोगों की जान गई थी और 800 से अधिक लोग घायल हुए थे।