दिवाली और छठ पर यात्रियों की सुविधा हेतु चलाई जा रही हैं अतिरिक्त ट्रेनें।
मुंबई के सीएसएमटी और मुजफ्फरपुर के बीच संचालित होंगी ये दो स्पेशल ट्रेनें।
ट्रेनों की तिथियां, प्रमुख ठहराव और टिकट बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई है।
Mumbai to Muzaffarpur Special Train 2026: दिवाली और छठ पूजा के दौरान मुंबई से बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने दो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से बिहार के मुजफ्फरपुर के बीच संचालित की जाएंगी।
रेलवे के इस फैसले से त्योहारों पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। दोनों ट्रेनों की तारीख, समय, ठहराव और टिकट बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी यहां जानें।
मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 01081 सीएसएमटी-मुजफ्फरपुर स्पेशल 6 और 10 नवंबर 2026 को सुबह 5 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन की कुल दो सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 01082 मुजफ्फरपुर-सीएसएमटी स्पेशल 7 और 11 नवंबर 2026 को रात 8:30 बजे मुजफ्फरपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 1:30 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। इस दिशा में भी दो सेवाएं संचालित की जाएंगी।
दोनों ट्रेनों का ठहराव दादर, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र और हाजीपुर में होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 01082 इगतपुरी और खंडवा स्टेशन पर भी रुकेगी।
ट्रेनों में 2 एसी-2 टियर, 6 एसी-3 टियर, 4 शयनयान, 2 सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक जनरेटर कार तथा एक सेकंड सीटिंग एवं सामान सह गार्ड ब्रेक वैन होगी। ट्रेन संख्या 01081 की टिकट बुकिंग सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और IRCTC की वेबसाइट पर शुरू है ।
अनारक्षित टिकट UTS प्रणाली से लिए जा सकेंगे। यात्री RailOne ऐप से भी टिकट बुक कर सकते हैं। विस्तृत समय-सारणी के लिए NTES ऐप या भारतीय रेल की वेबसाइट देखी जा सकती है।