Lone Wolf Attack Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मीरा रोड इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मजहबी कट्टरता के चलते दो सुरक्षा गार्डों पर जानलेवा हमला कर दिया। मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई के मीरा रोड में एक युवक ने 2 सिक्योरिटी गार्ड्स से उनका धर्म पूछने के बाद चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जैब जुबेर अंसारी ने एक निर्माणाधीन इमारत के पास तैनात गार्ड्स को कलमा पढ़ने को कहा। उन्होंने मना किया तो आरोपी ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। घायल गार्ड्स राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हमला पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले जैसा है। वहां भी आतंकियों ने पर्यटकों का धर्म पूछा था। कलमा न पढ़ने वालों को गोलियां मारी थीं। एटीएस ने सुरक्षा गार्डों पर हुए हमले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां इसे संभावित ‘लोन वुल्फ’ आतंकी हमला मान रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले गार्डों से रास्ता पूछा और फिर वापस आकर उनका धर्म पूछा।
महाराष्ट्र एटीएस इस घटना को आतंकी हमला मान रही है। एटीएस ने बताया कि आरोपी साइंस ग्रैजुएट है और कई साल तक अमेरिका में रहा था। अमेरिका में नौकरी नहीं मिलने के कारण वह 2020 में भारत लौट आया। मीरा रोड में अकेले रहकर वह ऑनलाइन केमिस्ट्री की कोचिंग देता था।
यह भी पढ़ें:- Vidarbha Weather Update: नागपुर में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अमरावती सबसे गर्म शहर, जानें लेटेस्ट अपडेट
घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि आरोपी जिहाद के नाम पर हिंदुओं को निशाना बनाना चाहता था। यह मामला आत्म-उग्रवादीकरण (सेल्फ-रैडिकलाइजेशन) का लगता है। आरोपी के घर से कुछ किताबें और आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। वह अमेरिका में रहता था और हाल ही में भारत लौटा था। सीएम के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कट्टरपंथी बन गया था और जिहाद के नाम पर हिंदुओं पर हमला करना चाहता था। इस मामले की जांच फिलहाल महाराष्ट्र एटीएस और एनआईए कर रही है।