BMC School Mid Day Meal Quality Issue Mumbai: मुंबई महानगरपालिका (BMC) स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर शिक्षा समिति की बैठक में मामला गरमा गया।
समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि मनपा विद्यालयों के बच्चों को घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। साथ ही, भोजन तैयार करने वाली कई रसोइयों में स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं होने का मुद्दा उठाया गया।
शिक्षा समिति की बैठक में शिवसेना नगरसेवक अंकित प्रभू ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा प्रशासन की ओर से स्कूलों में तैयार होने वाले भोजन की पर्याप्त जांच नहीं की जा रही है। उन्होंने सभी रसोइयों का नियमित और सख्त निरीक्षण सुनिश्चित करने की मांग की।
गौरतलब है कि अगस्त के पहले सप्ताह में मनपा के घाटकोपर स्थित पंतनगर स्कूल में विद्यार्थियों को दिए गए मिड डे मील में कांच का टुकड़ा मिलने की घटना सामने आई थी। इसके बाद स्कूलों में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
अंकित प्रभू ने कहा कि बच्चों को प्रतिदिन केवल खिचड़ी देने के बजाय आहार विशेषज्ञों की सलाह से भोजन के मेन्यू में बदलाव किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि विद्यार्थियों को पौष्टिक और संतुलित आहार उपलब्ध कराने पर ध्यान देने की जरूरत है।
शिवसेना नगरसेवक प्रमोद सावंत ने भी रसोइयों में स्वच्छता की निगरानी को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि पर्याप्त निधि उपलब्ध होने के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं रखी जा रही है। इसके जवाब में मनपा अधिकारियों ने बताया कि निगरानी के लिए पांच विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि कई स्थानों पर रसोइयां केवल कागजों पर संचालित हो रही हैं। व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर ने शिक्षा अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से इस मामले पर ध्यान देने और निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।