मुंबई में वायु प्रदूषण रोकने BMC का 1 से 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान, मनपा आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

Mumbai Air Pollution: मुंबई में प्रदूषण रोकने के लिए बीएमसी 1 से 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाएगी। आयुक्त अश्विनी भिड़े ने 139 ट्रैफिक बॉटलनेक और फुटपाथ सुधार की समीक्षा कर निर्देश दिए।
BMC's special campaign in Mumbai to curb air pollution from October 1 to 15
अश्विनी भिड़ेसोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

BMC Air Pollution Control Drive Ashwini Bhide: मानसून और गणेशोत्सव के दौरान व्यवस्थाओं के बाद अब बीएमसी ने मुंबई की नागरिक समस्याओं पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। वायु प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और फुटपाथों की स्थिति को लेकर मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने अधिकारियों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1 से 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

प्रदूषण बढ़ने से पहले तैयारी के निर्देश

शुक्रवार को मनपा मुख्यालय में विभिन्न विभागों, परियोजनाओं और उपक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि फिलहाल मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक नियंत्रण में है, लेकिन आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए पहले से तैयारी जरूरी है।

सड़कों की होगी धुलाई

विशेष अभियान के दौरान शहर की सड़कों की धुलाई सहित कई उपाय किए जाएंगे। बड़े निर्माण और विकास परियोजनाओं के आसपास धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक आवरण लगाने पर भी जोर दिया जाएगा। अधिकारियों को बीएमसी के 28 बिंदुओं वाले वायु प्रदूषण नियंत्रण दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

139 ट्रैफिक बॉटलनेक का होगा अध्ययन

बैठक में मुंबई शहर के 139 ट्रैफिक बॉटलनेक पर भी चर्चा हुई। इन स्थानों पर यातायात बाधित होने के कारणों का अध्ययन कर स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

यदि निर्माण कार्य या अन्य संरचनाएं यातायात में बाधा बन रही हैं, तो नियमों के अनुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया है।

BMC's special campaign in Mumbai to curb air pollution from October 1 to 15
Mumbai Ganesh Visarjan: पांचवें दिन 12,661 गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन, शांतिपूर्ण रहा आयोजन

200 फुटपाथों पर सुधार की तैयारी

पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए चलाए जा रहे ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान की भी समीक्षा की गई। बीएमसी ने शहर में करीब 307 किलोमीटर लंबाई वाले 200 फुटपाथों का चयन किया है। इन फुटपाथों की स्थिति सुधारने और पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।

नागरिक सुविधाओं पर बढ़ेगा फोकस

मानसून और गणेशोत्सव से जुड़ी व्यवस्थाओं के बाद बीएमसी अब नियमित नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई तेज करने की तैयारी में है। प्रदूषण नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और फुटपाथ सुधार के लिए विभागों को समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com