मुंबई में 22 नवंबर को उपराष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर पल्स पोलियो अभियान चलेगा।
पांच साल से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएंगी।
23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे बच्चों का टीकाकरण करेंगे।
BMC ने टीकाकरण से वंचित और अधूरे टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान पर जोर दिया है।
BMC Polio Vaccination Drive: मुंबई महानगर पालिका (BMC) क्षेत्र में 22 नवंबर को उपराष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (SNID)के अवसर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पांच साल से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी।
इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर विशेष टीकाकरण अभियान चलाएंगी। इसका उद्देश्य पांच साल से कम उम्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है।
भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान की तैयारियों को लेकर बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने 19 नवंबर को शहरी टीकाकरण के लिए सिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की।
इसमें कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड, उपकार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा पुरी के अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP), विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, आईसीडीएस, भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में उन बच्चों की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया, जिन्हें अभी तक टीकाकरण की एक भी खुराक नहीं मिली है। इसके अलावा अधूरे टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान, टीकाकरण से छूटने वाले बच्चों की संख्या कम करने और वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने पर चर्चा हुई।
बीएमसी के अनुसार, भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने आधिकारिक रूप से पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस का प्रसार जारी रहने के कारण भारत में भी इसके दोबारा प्रवेश का खतरा बना हुआ है। ऐसे में देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है।
अभियान के तहत मेडिकल कॉलेजों के फैमिली अडॉप्शन प्रोग्राम के जरिए उच्च जोखिम वाले इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों की काउंसलिंग भी की जाएगी। बाल रोग विशेषज्ञों और निजी डॉक्टरों से भी छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण के लिए भेजने की अपील की गई है।
बीएमसी ने अभिभावकों से अपील की है कि 22 नवंबर को पांच साल से कम उम्र के हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। पहले पोलियो का टीका लग चुका होने के बावजूद इस अभियान में दो बूंद पिलाना जरूरी है।