Mumbai BMC Nala Cleaning Update 2026: आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने नालों और नदियों की सफाई के कार्यों में तेजी ला दी है।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने पश्चिम उपनगरों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 31 मई 2026 तक सभी कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान बांगर ने स्पष्ट किया कि नालों से गाद निकालने का काम अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से होना चाहिए। इसके लिए उप अभियंता और सहायक अभियंता को कार्यस्थल पर पूरे समय उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही प्रतिदिन की प्रगति कंप्यूटर प्रणाली में अपडेट की जाए। बांगर ने गोरेगांव (पूर्व) स्थित वालभट नदी, गोरेगांव (पश्चिम) के पास ओशिवरा नदी, गजधरबंध क्षेत्र का एसएनडीटी नाला और सांताक्रूज (पश्चिम) के नॉर्थ एवेन्यू नाला का दौरा कर कामकाज की समीक्षा की।
ये भी पढ़ें :- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का ‘मिसिंग लिंक’ 1 मई से शुरू, पहले चरण में सिर्फ हल्के वाहनों को अनुमति
उन्होंने नालों में जमा गाद को समय पर हटाने और उसकी सही तरीके से निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नालों में बहने वाले ठोस कचरे, खासकर प्लास्टिक को रोकने के लिए जरूरी स्थानों पर जालियां लगाने पर भी जोर दिया गया। मशीनों के उपयोग के लिए बनाए जा रहे रैप की निगरानी इंजीनियरों द्वारा की जाए और नागरिकों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले, इसके लिए स्पष्ट सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए गए। ओबेरॉय मॉल क्षेत्र में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बांगर ने संबंधित नालों और कलवर्ट की सफाई, मरम्मत और विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी ट्रैफिक के बावजूद जल निकासी की क्षमता बढ़ाना आवश्यक है।