Mumbai BMC AI Desilting Flood Preparedness Plan: मानसून के आगमन में 60 दिन से भी कम समय शेष होने के बीच बीएमसी ने मुंबई में बाढ़ से निपटने के लिए अपनी वार्षिक तैयारियों को तेज कर दिया है।
हालांकि, डिवॉटरिंग पंप लगाने और संभावित बाढ़ क्षेत्रों में हस्तक्षेप करने के अलावा, मनपा ने डी-सिल्टिंग (गाद निकालने) कार्यों पर नजर रखने और धोखाधड़ी को पकड़ने के लिए अपना स्वयं का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल भी विकसित किया है।
गाद लोड करते समय धूल नहीं उड़ती, जबकि कचरा मिलाने पर धूल दिखाई देती है। एआई ऐसे संकेतों को भी पहचानकर अलर्ट जारी करता है, जिसके बाद ठेकेदारों को बुलाया जाता है और उन्हें वार्निंग दी जाती है।
डी-सिल्टिंग वह प्रक्रिया है, जिसमें नदियों और नालों सहित जल निकायों के तल में जमा गाद, कीचड़ को हटाया जाता है। गाद पानी के प्रवाह को धीमा कर देती हैं, जिससे भारी बारिश के दौरान पानी का बहाव रुकता है और शहर में जलभराव की स्थिति पैदा होती है।
डी-सिल्टिंग कार्य के लिए बीएमसी निजी ठेकेदारों को नियुक्त करती है, जो हटाई गई गाद की मात्रा के आधार पर भुगतान लेते हैं, इसलिए ठेकेदारों द्वारा मात्रा बढ़ाने के लिए अपनाए जाने वाले फर्जी तरीकों को रोकने के लिए बीएमसी एआई मॉडल पर काफी हद तक निर्भर है।
पिछले वर्ष से बीएमसी ने अनिवार्य किया है कि ठेकेदार डी-सिल्टिंग की पूरी प्रक्रिया गाद निकालने से लेकर ट्रकों में लोड करने और निस्तारण स्थल तक पहुंचाने तक का वीडियो रिकॉर्ड करें। इन वीडियो को बीएमसी पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, जहां एआई द्वारा उनकी जांच की जाती है। बीएमसी के अतिरिक्त मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर के अनुसार, एआई मॉडल वीडियो स्कैन कर विसंगतियों को चिन्हित करता है।
उदाहरण के लिए, यदि किसी वीडियो में ट्रक को 2 मिनट से कम समय में लोड करते हुए दिखाया गया है, तो उसे संदिग्ध माना जाता है, क्योंकि सामान्यतः इसमें 7-8 मिनट लगते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ ठेकेदार गाद की मात्रा बढ़ाने के लिए उसमें कचरा मिलाते हैं, जिससे ट्रक जल्दी भर जाता है।
एआई मॉडल इस पैटर्न को पहचानकर ऐसे मामलों को आसानी से पकड़ लेता है। कई बार ठेकेदार पुराने वीडियो को कॉपी करके अपलोड करते हैं। वीडियो की गुणवत्ता या रिजॉल्यूशन में बदलाव एआई द्वारा तुरंत पकड़ लिया जाता है। इस वर्ष बीएमसी ने प्री-मानसून डी-सिल्टिंग का लक्ष्य घटाकर 8।47 लाख मीट्रिक टन कर दिया है, जो पिछले वर्ष 12।03 लाख मीट्रिक टन था।
ये भी पढ़ें :- Mumbai LTT Station पर यात्रियों का सैलाब: गर्मी की छुट्टियों में भारी भीड़, RPF ने संभाली कमान